जावरा की सिद्ध चक्र टाउनशिप में चोरी, लाखों रुपए की ज्वेलरी व नकदी ले गए, पुलिस ने शुरू की जांच
बैंक अधिकारी के सूने मकान में घूसे चोर, कॉलोनाइजर पर भी लापरवाही के आरोप
रतलाम. जावरा की सिद्ध चक्र टाउनशिप में एक बैंक अधिकारी के सूने घर में 6 व 7 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि में चोरी हो गई। बदमाश वहां से लाखों रुपए की ज्वेलरी व नकदी ले गए। एसबीआई के बैंक अधिकारी तुषार कुमार रविवार छुट्टी होने से इंदौर गए थे। देररात वापस आए तो वारदात की जानकारी मिली। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बैंक अधिकारी और कॉलोनी के लोगों ने कॉलोनाइजर पर भी सुरक्षा में लापरवाही के आरोप लगाए है। इसे लेकर रात में कॉलोनी के रहवासी बैठक भी करेंगे और कॉलोनाइजर के खिलाफ एक्शन के लिए रणनीति बनाएंगे। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कॉलोनाइजर हर महीने मेंटेनेंस व अन्य शुल्क लेते है लेकिन रातभर स्ट्रीट लाइट तक चालू नहीं रखता है और सीसीटीवी कैमरे भी चोरी की घटना के बाद चालू किए गए। सिर्फ ये ही नहीं सुरक्षा गार्ड की भी पुख्ता व्यवस्था नहीं है। इसलिए वारदात होना बता रहे है। अब मामले में सिटी थाना पुलिस ने जरूरी सुराग जुटाते हुए चोरी की तफ्तीश शुरू कर दी है ताकि बदमाशों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

