रतलाम 22 सितंबर 2026
जावरा स्थित फर्म मनीष सेल्स से वर्ष 2023 में शक्ति भोग घी एवं अमृत प्योर घी के जांच सैंपल लिए गए थे। ये खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की लैब से अवमानक स्तर के पाए गए है। इसलिए विभाग के न्याय निर्णायक अधिकारी एवं रतलाम अपर कलेक्टर बृजेन्द्र कुमार रावत ने जावरा की फर्म सहित कुल पांच प्रतिवादियों पर 5 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है।
जिला जन संपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल द्वारा 28 अक्टूबर 2023 को फर्म मनीष सेल्स 62 कोठी बाजार जावरा का निरीक्षण किया गया था। तब विक्रेता मनीष पिता वासुदेव चंचलानी से शक्ति भोग घी एवं अमृत प्योर घी के नमूने लिए थे। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जांच में नमूने अवमानक स्तर के पाए गए।
इसी के बाद प्रकरण एडीएम कोर्ट में पेश किया। वहां प्रस्तुत दस्तावेजों और प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी रावत द्वारा मनीष पिता वासुदेव चंचलानी निवासी 62 कोठी बाजार जावरा के साथ ही Comfy Agro Pvt. Lit. malout road Punjab gidderbaha Dist SIR Muktsar Sahib 152101, Angel Trading Company 2223327 Prem trade center Maharani road Indore, Bal Gopal Dairy Product E 280 Kuber extention area Kota Rajasthan 325003 और S.T. Traders 43 D Mangal nagar Indore सहित उक्त पांच प्रतिवादियों पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। इस प्रकार पांचों प्रतिवादियों पर कुल 5 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिए है कि मौके पर जब्त हुई खाद्य सामग्री का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार विनिष्टीकरण किया जाए। सभी प्रतिवादियों को भविष्य में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी है। प्रतिवादी पर अधिरोपित शास्ति आदेश प्राप्ति के एक सप्ताह के भीतर जमा नहीं किए जाने पर संबंधित राशि भू-राजस्व बकाया के रूप में वसूल की जाएगी तथा शास्ति जमा होने तक संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति निलंबित रहेगी।