शायद इस बार जावरा आ जाए मुख्यमंत्री जी, तैयारी शुरू, एसपी व कलेक्टर ने किया निरीक्षण

नवंबर के पहले सप्ताह में सुजापुर पहाड़ी पर सभा और मूर्ति अनावरण का कार्यक्रम है प्रस्तावित

शायद इस बार जावरा आ जाए मुख्यमंत्री जी, तैयारी शुरू, एसपी व कलेक्टर ने किया निरीक्षण

रतलाम. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का जावरा विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर से दौरा प्रस्तावित हुआ है। इसके पहले चार बार उनके जावरा आने की तैयारी शुरू हुई थी। अधिकारियों ने सभा स्थल से लेकर हेलीपैड भी देखे लेकिन वह नहीं आए। कभी अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने से तो कभी जावरा की जगह सैलाना विधानसभा में चले जाने से और एक बार किसानों को मुआवजा वितरण करने संबंधी समीक्षा बैठक के दौरान जावरा विधायक से वादा किया लेकिन रतलाम आकर चले गए।

 अब फिर से मुख्यमंत्री जी के जावरा विधानसभा क्षेत्र में आने के चर्चा शुरू हुई है। आगे से सूचना आते ही 29 अक्टूबर को कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार जावरा पहुंचे और विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के साथ सुजापुर पहाड़ी पहुंचकर निरीक्षण किया। वहां पूर्व सांसद स्वर्गीय डाॅ. लक्ष्मीनारायण जी पांडेय की प्रतिमा और डेवलप किए गए गार्डन को भी देखा। सुजापुर पहाड़ी पर प्रतिमा अनावरण के साथ ही मुख्यमंत्री की सभा आयोजित की जाना प्रस्तावित है। इसीलिए अधिकारियों ने वहां निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश अनुविभाग के अधिकारियों को दिए। इसके बाद अधिकारियों ने विधायक के साथ भगत सिंह कॉलेज मैदान और अर्निया पीथा कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचकर भी हेलीपैड के लिए स्थल निरीक्षण किया। अभी मुख्यमंत्री जी का फाइनल कार्यक्रम आना बाकी है। इसलिए फिलहाल प्रारंभिक निरीक्षण है। अधिकारियों के मुताबिक नवंबर के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री के आने की तारीख फाइनल हो सकती है। निरीक्षण के दौरान एएसपी विवेक कुमार लाल, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जावरा एसडीएम सुनील जायसवाल, सीएसपी युवराज सिंह चौहान, पिपलोदा तहसीलदार देवेंद्र दानगढ़, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, सुभाष पांचाल आदि मौजूद रहे।