रतलाम. जिले के जावरा शहर में स्थित राजश्री नमकीन सेंटर दुकान पुरानी धानमंडी से एक युवक दिन दहाड़े 10 हजार रुपए की गड्डी चोरी कर गया। वह दुकान में नमकीन लेने के बहाने पहुंचा और जैसे ही व्यापारी रमेश खमोरा नमकीन लेने गए, उनका ध्यान चुराकर उस युवक ने काउंटर में रखे 10 हजार रुपए उठा कर छिपा लिए। फिर वह बाइक से एक अन्य युवक के साथ वहां से भाग निकला। व्यापारी रमेश खमाेरा ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपने के साथ ही आवेदन दिया है। अब पुलिस उन संदिग्ध युवकों को तलाश रही है ताकि रिकवरी की जा सके।
इधर आधिकारिक सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप में उत्तेजक संदेश भेजने पर पिपलौदा का कर्मचारी को निलंबित
रतलाम 17 नवंबर 2026/ कलेक्टर अजय कटेसरिया द्वारा कार्यालय तहसीलदार, पिपलोदा (वर्तमान संबद्ध तहसील पिपलौदा) में पदस्थ सहायक वर्ग-3 कर्मचारी पुष्पेन्द्र बॉस को शासकीय सेवा की गरिमा के विरुद्ध आचरण करने तथा आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में धमकीपूर्ण व उत्तेजक संदेश प्रसारित करने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार पुष्पेन्द्र बॉस द्वारा आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजे गए संदेश मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 (1) के उप नियम (एक) (दो) एवं (तीन) के विपरीत पाए जाने पर प्रथम दृष्टया उनका आचरण शासकीय कर्मचारी से अपेक्षित मर्यादित व्यवहार के प्रतिकूल अनुशासनहीनता कदाचरण एवं घोर लापरवाही की श्रेणी में आता है। इसके परिप्रेक्ष्य में मध्यप्रदेश सिविल सेवाएं (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के उप नियम (1) के प्रावधानों के तहत पुष्पेन्द्र बॉस को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया । निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर जिला रतलाम रहेगा। श्री बॉस सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। निलंबन अवधि में उन्हें मध्यप्रदेश मूलभूत नियमों के नियम 53 एवं अन्य प्रचलित प्रावधानों के तहत नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
मुख्यमंत्री 18 नवंबर को जावरा आएंगे मुख्यमंत्री
रतलाम : सीएम डॉ मोहन यादव का कल 18 नवम्बर को जावरा दौरा संभावित है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है वे गांधी सागर परिसर में कैबिनेट मीटिंग के बाद जावरा आएंगे और यहां विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय के पुत्र प्रांजल के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद भोपाल रवाना होंगे। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई है और बाराखेड़ा के पास हेलीपेड बन रहा है। जहां एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक लाल, सीएसपी युवराज सिंह चौहान आदि ने निरीक्षण भी किया है।
