युवक कांग्रेस : सनी अखेड़िया विधानसभा अध्यक्ष चुने गए, शहर अध्यक्ष अल्फैज और ग्रामीण में दीपक परमार को कमान
युवक कांग्रेस चुनाव में सोलंकी-काजी और भरावा समर्थकों को मिली जीत, अब ब्लॉक कमेटी में फंसा पेच
रतलाम. मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के चुनावों का ऑनलाइन रिज़ल्ट 6 नवंबर को घोषित किया गया। इसमें रतलाम जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर जिले में सर्वाधिक वोट प्राप्त कर मयंक जाट को निर्वाचित घोषित किया गया। इसी तरह जावरा विधानसभा क्षेत्र के विधानसभा अध्यक्ष पद पर सनी अखेड़िया, जावरा शहर अध्यक्ष अल्फैज पठान, पिपलौदा उत्तर अध्यक्ष नितिन चौहान, पिपलौदा दक्षिण अध्यक्ष नागेश्वर पाटीदार, जावरा ग्रामीण अध्यक्ष दीपक परमार को सर्वाधिक वोट प्राप्त करने पर निर्वाचित घोषित किया गया।
यह चुनाव कुछ महीने पहले हुए थे जिसके रिजल्ट अब आए हैं। युवा कांग्रेस के प्रतिष्ठापूर्ण चुनावों में जावरा विधानसभा चुनाव क्षेत्र में भी नेताओं के बीच ही ज़ोर आजमाइश हुई थी। हालांकि एक बार फ़िर युवक कांग्रेस चुनावों में विधानसभा प्रत्याक्षी वीरेन्द्र सिंह सोलंकी और पार्षद निज़ाम काज़ी गुट ने विधानसभा अध्यक्ष सहित अधिकांश पदों पर अपने समर्थकों को जिताकर अपनी राजनीतिक सक्रियता की छाप छोड़ी।
आप सबकी नज़रें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पर टिकी है। इसमें एक पद के लिए अधिक नाम होने से पेच फंसा हुआ है। जहां एक तरफ कांग्रेस महासचिव मोहम्मद यूसुफ कड़पा ने शहर अध्यक्ष के लिए मोहम्मद खालिद के साथ ही एक अन्य नाम दिया है और संगठन में यह शर्त रखी है कि शहर कांग्रेस कमेटी में उनकी पसंद के उम्मीदवार को अध्यक्ष बना दिया जाए और ग्रामीण में भले अन्य गुट को तवज्जो दे तो कोई दिक्कत नहीं है। इधर वीरेंद्र सिंह सोलंकी और पार्षद निजाम काजी भी शहर में पप्पू चारोडिया को अध्यक्ष बनाए जाने पर अड़े हुए हैं। हालांकि इन्होंने विकल्प के तौर पर एक अल्पसंख्यक नेता का नाम भी दिया है। और संगठन में यह बात रखी है कि जिला अध्यक्ष में दूसरे गुट की पसंद को तवज्जो दी गई है तो फिर ब्लॉक कमेटी में हमारी बात का मान रखा जाए। हालांकि यह दीगर बात है कि जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत सोलंकी की भी पसंद रहे हैं। ये दोनों भी एक दूसरे के नजदीकी नेता है। ऐसे में अब ब्लॉक कमेटी के पदाधिकारी की घोषणा में पेच फंसा हुआ है और समन्वय स्थापित होने में भी समय लगेगा। इसलिए जावरा क्षेत्र की ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी की घोषणा में और विलंब हो सकता है।
विज्ञापन

