जावरा विधानसभा क्षेत्र में विंड कंपनी सिक्यूरिटी व मेंटेनेंस का ठेका लेने के लिए भाजपा नेता ने डराया-धमकाया
शिकायत के बाद भाजपा नेता बोले : सिक्यूरिटी एजेंसी कलेक्टर रेट से गार्डों को भुगतान नहीं कर रही, वही मुद्दा उठाया तो मुझ पर लगा दिया झूठा आरोप
रतलाम. जावरा विधानसभा के पिपलौदा तहसील क्षेत्र में लगी विंड एनर्जी कंपनी की सिक्यूरिटी एजेंसी के मैनेजर पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी ने मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत की। कुछ गार्ड्स के साथ पहुंचे सोलंकी ने आरोप लगाया कि सुखेड़ा मंडल के अध्यक्ष रितेश जैन ने धमकी दी है कि विंड कंपनी की सुरक्षा एजेंसी और यहां के मेंटेनेंस का ठेका यदि मुझे नहीं दिया तो यहां कुछ ही दिन में ताला लगवा दूंगा। इन्होंने कुछ सरपंचों को साथ लेकर रानीगांव क्षेत्र के लोगों को ही काम पर रखने के लिए भी दबाव बनाया है। वहीं सरपंचों के माध्यम से कंपनी में पत्र लिखकर अनावश्यक मांगें रखी है। इसलिए जांच व कार्रवाई करें। हालांकि मामले में भाजपा नेता एवं सुखेड़ा मंडल अध्यक्ष रितेश जैन ने मीडिया को बताया कि आरेप पूरी तरह झूठे और निराधार है। सही मायने में मैंने तो इनकी एजेंसी में लगे गार्ड को नियमानुसार कलेक्टर रेट से वेतन और पीएफ दिलाने का पत्र कंपनी में दिया था। ये कलेक्टर रेट से बहुत कम पैसा कर्मचारियों को देकर ज्यादा मुनाफा कमा रहे और कंपनी से भी ज्यादा राशि ले रहे है। कर्मचारीहित में कंपनी को लेटर लिखकर दिया। उस जिम्मेदारी से बचने के लिए मेरे खिलाफ झूठी शिकायत करवाई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष होने के नाते जनहित में आवाज उठाना मेरा काम है। मैं इस मामले में कलेक्टर से एजेंसी की शिकायत करके इनके पंद्रह सालों का हिसाब-किताब की जांच भी करवाऊंगा ताकि सच सामने आ सके। हालांकि सिक्योरिटी एजेंसी मैनेजर सोलंकी का कहना है कि भाजपा नेता ऐसे बयान देकर गुमराह कर रहे हैं।
