जावरा में मिलावटी घी की आशंका में लगातार सैंपलिंग, कोठी बाजार में कार्रवाई, उपभोक्ता भी रहे सावधान

तीन दिन में दो स्थानों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सैंपल लेने के साथ घी का स्टॉक भी सील किया

जावरा में मिलावटी घी की आशंका में लगातार सैंपलिंग, कोठी बाजार में कार्रवाई, उपभोक्ता भी रहे सावधान

रतलाम. बाजार में मिल रहे विभिन्न ब्रांड के घी की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम कंट्रोलर और भोपाल आयुक्त से मिले निर्देशों के बाद जावरा में भी सैंपलिंग और स्टॉक की जब्ती जारी है। 8 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने कोठी बाजार में मन एजेंसी से घी के सैंपल लिए और स्टॉक को सील किया है। लैब से जांच रिपोर्ट आने तक के लिए इस घी का स्टॉक बेच नहीं सकते है। इसके पहले 6 अगस्त 2026 को भी सुतारीपुरा में शर्मा इंटरप्राइजेस से तीन तरह के घी सैंपल लिए और स्टॉक सील किया था। 

         खाद्य और सुरक्षा विभाग द्वारा प्रदेशभर में ऐसी कार्रवाई की जा रही है। इंदौर, भोपाल में तो सैंपल फेल की रिपोर्ट भी सामने आई है। इसलिए विभाग सक्रिय है और इसके चलते बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। कई एजेंसियों ने तो घी के स्टॉक को रातोरात छिपा दिया है। ढूंढने पर भी अधिकारियों को स्टॉक नहीं मिल रहा है। अधिकारियों का कहना है जहां भी स्टॉक है, सूचना देने पर तत्काल सैंपलिंग की कार्रवाई की जाएगी। अभी ये मिलावट या स्टैंडर्ड मानक का घी नहीं होने की आशंका में सैंपल लिए जा रहे है। लैब रिपोर्ट में यदि नमूने फेल निकलेंगे तो आगे कार्रवाई की जाएगी।