बड़ी उपलब्धि : जावरा सिविल अस्पताल में कूल्हे का सफल ऑपरेशन

एक्सीडेंट में घायल सागर जिले के व्यक्ति का डॉ. ए.एस. राठौर ने किया ऑपरेशन

बड़ी उपलब्धि : जावरा सिविल अस्पताल में कूल्हे का सफल ऑपरेशन

जावरा. रतलाम जिले में तहसील स्तर पर अब जावरा सिविल अस्पताल में भी हड्‌डी रोग संबंधी जटिल सर्जरी शुरू हो गई है। ये जावरा के लिए बड़ी सौगात और गर्व की बात भी है, क्योंकि लंबे समय से यहां ऐसी कोई सर्जरी की सुविधाएं नहीं थी। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से अस्पताल का विस्तार हुआ और यहां अतिरिक्त डॉक्टर भी मिले है। वहीं दाऊदी बोहरा समाज ने धर्मगुरु की प्रेरणा से अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर संबंधी उपकरणों के लिए 10 लाख रुपए का सहयोग दिया था। उसमें कुछ राशि अस्पताल की तरफ से मिलाकर शानदार ऑपरेशन थिएटर बना है। 

       इसी नए ऑपरेशन थिएटर में सोमवार 6 जुलाई 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा के मार्गदर्शन में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय सिंह राठौर ने एक मरीज के कूल्हे का सफल प्रत्यारोपण किया है। प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि मरीज हरिसिंह पिता कन्हैयालाल लोधी उम्र 48 साल राहतगढ़ जिला सागर पिछले 10 दिनों से हुसैन टेकरी शरीफ आया हुआ था। हरिसिंह की टू व्हीलर वाहन को ताल नाके फंटे पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस कारण इनका कूल्हा डेमेज हो गया। गत दिवस सिविल हॉस्पिटल जावरा में प्रभारी डॉ दीपक पालड़िया ने मरीज का उपचार शुरू किया। अत्यंत गरीब होने के कारण मानवीय आधार पर दवाई, भोजन आदि की व्यवस्था  की गई। शनिवार को हरिसिंह के कूल्हे का सफल प्रत्यारोपण आर्थोपेडिक सर्जन डाॅ. अजय सिंह राठौर एवं उनकी टीम में ने सफलतापूर्वक किया। टीम में शामिल डाॅ. दीपक पालड़िया, डाॅ. अतुल मंडवारिया, डाॅ. दिनेश पाटीदार, ओटी सहायक  शिरोमणि मसीह, नर्सिंग ऑफिसर भरत बिड़वान, अनिल बैरागी, गोपाल कंडारे ने आवश्यक सहयोग किया। जावरा सिविल हॉस्पिटल में जटिल आपरेशन के सफल रहने पर हर्ष का वातावरण है। विभिन्न नागरिकों ने ऐसी सुविधा के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव व विधायक डॉ पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं डॉक्टर टीम का भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।