कांग्रेस का जावरा में प्रभावी प्रदर्शन : विधायक से लेकर अफसरों पर तीखे जुबानी हमले किए, ज्ञापन सौंपा
फसल बीमा नहीं मिलने व राजस्व प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर एसडीएम कार्यालय के सामने धरना दिया
रतलाम. जिले के कई गांवों में किसानों को खरीफ सीजन 2025 का बीमा नहीं मिला है। जिन्हें मिला उन्हें भी नाममात्र ही दिया है। कई ग्रामीण नामांतरण, बंटवारा व त्रुटी सुधार जैसे प्रकरणों का निराकरण नहीं होने से परेशान है। ऐसे विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने 6 अगस्त 2026 को जावरा ब्लॉक में प्रभावी प्रदर्शन किया।
जावरा के पिपलौदा रोड चौराहे से सभी नेता, कार्यकर्ता और किसान रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और वहां परिसर में धरना दे दिया। कांग्रेस नेता एवं विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी रहे वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने तो भाषणों में विधायक से लेकर अफसरों पर तीखे जुबानी हमले किए। बोले कि विधायक गांव-गांव कावड़ यात्रा निकालने में लगे है लेकिन किसानों की परेशानी नहीं पूछ रहे है। उन्हें इसलिए वोट थोड़ी दिए थे। वे यात्रा निकालें लेकिन किसानों से भी तो उनकी परेशानी पूछे और न्याय दिलाएं। उन्होंने सरकारी दफ्तरों में अवैध वसूली के आरोप लगाए और कहा कि इनके बाहर दुकान शब्द लिख दीजिएगा।
कांग्रेस द्वारा किए गए इस प्रदर्शन में काफी तादाद में कार्यकर्ता शामिल हुए। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक बार फिर जोश भर गया है। प्रभावी प्रदर्शन के बाद नेताओं ने तहसीलदार पंकज पवैया को ज्ञापन भी सौंपा। किसान कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह चिकलाना, पार्षद निजाम काजी, नितेश सुराणा, संयम शर्मा, पप्पू चारोड़िया आदि मौजूद थे।

प्रदर्शन का वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें...