दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी रोकने के लिए पुलिस का एक्शन प्लान

पुलिस की सख्ती के साथ ग्रामीणों को जोड़ा, जनसंवाद कर पत्थरबाजी, शराबखोरी एवं उपद्रवी की सूचना देने की अपील

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पत्थरबाजी रोकने के लिए पुलिस का एक्शन प्लान
रतलाम | 27.09.2026
 
दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर पिछले दिनों सामने आई पत्थरबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार ने घटनाओं की रोकथाम एवं एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के साथ ही ग्रामीणों के सहयोग एवं जनसंवाद के माध्यम से प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
           इसी क्रम में रतलाम शहर के एडिशनल एसपी राकेश पंद्रो, एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में रावटी थाना इंचार्ज डीएसपी  सुरेंद्र सिंह गडरिया ने ग्राम मोलावा के पंचायत भवन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसमें ग्राम मोलावा सरपंच नरेंद्र गरवाल, ग्राम देवपाड़ा सरपंच बद्रीलाल वसुनिया सहित गांव के पटेल, वरिष्ठ नागरिक, एक्सप्रेस-वे के आसपास रहने वाले दुकानदार एवं मकान मालिक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेस-वे के आसपास होने वाली संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक समय पर पहुंचाना तथा ग्रामीणों के सहयोग से पत्थरबाजी जैसी घटनाओं की प्रभावी रोकथाम करना रहा।
 
ये सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील;
▪️ सार्वजनिक स्थान अथवा सड़क किनारे शराब का सेवन कर उपद्रव करता दिखाई दे तो सूचना दें।
▪️अनावश्यक रूप से संदिग्ध अवस्था में घूमता मिले तो सूचना दें।
▪️ एक्सप्रेस-वे के आसपास रील बनाने, स्टंट अथवा खतरनाक गतिविधियों में शामिल हो तो भी सूचना दें।
▪️ वाहनों की आवाजाही के दौरान संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे तब भी अलर्ट करें।
▪️ अथवा पत्थरबाजी की तैयारी/घटना से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त हो तो सूचना तत्काल पुलिस को दें।
 
पुलिस ने ग्रामीणों से यह भी कहा कि वे अपने गांव एवं आसपास के बच्चों तथा युवाओं को समझाएं कि एक्सप्रेस-वे पर पत्थर फेंकना, वाहनों को निशाना बनाना अथवा सड़क पर किसी भी प्रकार का उपद्रव करना अत्यंत गंभीर, एवं खतरनाक एवं अपराधिक कृत्य है, जिससे वाहन में सवार लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
 
ग्रामीणों की सजगता एवं सहयोग से से घटनाएं रोकने का भी प्रयास ;  एक्सप्रेस-वे से लगे गांवों के निवासी क्षेत्र की गतिविधियों से स्वाभाविक रूप से परिचित रहते हैं। ऐसे में संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में महत्वपूर्ण सहायता मिल सकती है। रतलाम पुलिस द्वारा पुलिसिंग के साथ जनसहयोग और जनसंवाद को भी घटनाओं की रोकथाम का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है।
 
उपद्रव एवं पत्थरबाजी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई ; पुलिस ने सख्त संदेश भी दिया कि एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्थरबाजी, वाहनों को क्षति पहुंचाने, उपद्रव करने अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रतलाम पुलिस द्वारा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं आवश्यक पुलिस कार्रवाई की जा रही है तथा पड़ोसी जिले की पुलिस के साथ समन्वय भी किया जा रहा है।