राष्ट्रीय पर्व : शान से लहराया तिरंगा, ध्वजारोहण के बाद हुए देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन

जावरा. राष्ट्रीय पर्व 79वां स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम कृषि उपज मंडी परिसर खाचरोद नाका पर हुआ। यहां शान से तिरंगा लहराया और देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न आयोजन हुए। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष रुक्मणी हेमराज हाडा ने ध्वजारोहण किया। मार्च पास्ट की सलामी अध्यक्ष हाडा, विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष अनम कड़पा, एसडीएम त्रिलोचन गौड़, सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने ली। अतिथियों ने तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। सांदीपनी शाउमा विद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स के नेतृत्व में स्काउट एवं गाइड ने प्रभावी मार्च पास्ट निकाला। जनपद उपाध्यक्ष अलका हरिओम धाकड़ ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। त्रिमूर्ति कॉन्वेंट उ.मा.वि. के विद्यार्थियों ने संगीतमय राष्ट्रगान एवं मध्य प्रदेश गान प्रस्तुत किया।
नृत्य प्रस्तुति, मार्च पास्ट और पीटी प्रदर्शन वाले विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
नगर के पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर सुंदर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रथम स्थान पर सांदीपनि विद्यालय, द्वितीय मॉडल उ. मा. वि. एवं तृतीय शा. एकीकृत मा. विद्यालय काटजू क्रमांक 01 की टीम रही। मार्चपास्ट में प्रथम स्थान सांदीपनि विद्यालय की एन.सी.सी. यूनिट एवं स्काउट दल ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान शा. कमला नेहरू उ. मा. वि. ने एवं तृतीय स्थान मॉडल उ.मा. वि. ने प्राप्त किया। पी. टी. प्रदर्शन में सांदीपनि विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शा. कमला नेहरू उ. मा. वि. के रेडक्रॉस दल को भी उत्कृष्ट पुरुस्कार प्रदान किया गया।
लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मान
कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों इंदरमल टुकड़िया, मधुसूदन जायसवाल व श्रीमती सज्जन देवी पोरवाल को शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा एवं पाषर्दगण, तहसीलदार पारस वैश्य, नायब तहसीलदार वैभव जैन, नगर पालिका सी.एम.ओ. शर्मा, भगत सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. जी. पठान, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य जी. बी. बामनकर, सहायक संचालक शिक्षा ज्योति पटेल, सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र बोस, जनपद पंचायत के सदस्यगण, नगर पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सांदीपनि विद्यालय के उप प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने एवं आभार जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलवंत नलवाया ने व्यक्त किया।