विधायकों के दाव फेल, अनुकूल सोनी को रतलाम युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने फिर से चौंकाया
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पैनल से तीसरे नंबर का नाम लेकर पार्टी ने सैलाना के सक्रिय युवा को सौंपी कमान
रतलाम. भारतीय जनता युवा मोर्चा रतलाम जिला अध्यक्ष पद पर सैलाना के युवा नेता अनुकूल सोनी को नियुक्त किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने 19 जुलाई 2026 की रात 10:30 बजे 15 जिला अध्यक्षों की सूची जारी की। जिसमें रतलाम में जिला अध्यक्ष पद पर अनुकूल सोनी और जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संगठन ने ही आगे से तय करते हुए कृष्णा डिंडोर को सौंप दी है। पार्टी ने एक बार फिर संगठनात्मक नियुक्तियों में राजनीतिक विश्लेषकों को चौंकाया है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि जिले के तीन बड़े और वरिष्ठ विधायकों के दाव भी इस नियुक्ति में फेल हो गए हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पैनल से जो नाम गए थे उसमें पहले नंबर पर जावरा के विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय के बेटे प्रांजल पांडेय का नाम था। दूसरे नंबर पर मंत्री चेतन कश्यप की तरफ से सोनू चौहान और तीसरे नंबर पर आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय की तरफ से संजय जाट का नाम बताया जा रहा है। हालांकि बाद में सूची अपडेट करके भेजी गई और उसमें तीसरे नंबर पर अनुकूल सोनी का नाम गया था। जिसमें यह भी चर्चा है कि ऊपर के दो नाम पर आला कमान की रजामंदी नहीं बनने से तीसरे नंबर के नाम पर रतलाम विधायक और मंत्री चेतन कश्यप सहमति भी दे दी थी। ऐसे में पैनल के ऊपर वाले दो नाम पार्टी ने दरकिनार करते हुए पैनल से तीसरे नंबर के नाम अनुकूल सोनी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। बताया जा रहा है कि अनुकूल सोनी सैलाना में नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रह चुके हैं और करीब 15 साल से भाजपा में सक्रिय है। वैसे बीच में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष में ताल निवासी एक सोनी परिवार की भाजपा नेत्री का नाम तय होने से सामाजिक तालमेल बिगड़ रहा था। लेकिन जैसे ही वह नियुक्ति तत्काल निरस्त हुई तभी से अनुकूल सोनी का रास्ता साफ हो गया और आखिर पार्टी हाई कमान के निर्देश पर युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने अनुकूल सोनी के नाम पर मोहर लगाकर सूची जारी कर दी है।

