एक और पति, पत्नी और वो : पत्नी ने साथ जाने से मना किया तो पति ने चाकू मारा, गिरफ्तार
जावरा आईए थाना क्षेत्र की घटना, घायल पत्नी को सिविल अस्पताल भेजा, वहां से रेफर
रतलाम. जिले के जावरा क्षेत्र में एक और पति, पत्नी और वो का मामला सामने आया है। पत्नी अपने पूर्व प्रेमी के साथ भाग गई थी, जिसे पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर थाने बुलाया। वहां पति भी पहुंचा और पत्नी को घर ले जाना चाह रहा था लेकिन पत्नी ने पति के साथ जाने से मना कर दिया। इससे आक्रोशित पति ने थाने के सामने ही चाकू से हमला कर दिया। पत्नी के हाथ पर चोट आई है। उसे पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद रतलाम रेफर किया है। वहीं पति को आईए थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। महिला की गुमशुदगी 5 अक्टूबर को हुई थी और वह जावरा से आठ किलोमीटर दूर स्थित एक गांव की रहने वाली है। हाल ही में एक होटल से पति और अन्य युवती पकड़ाए थे। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। उस पति, पत्नी और वो का मामला अभी पूरी तरह से ठंडा भी नहीं हुआ कि इस नए घटनाक्रम से नई चर्चा शुरू हो गई है। आईए थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
