जावरा अस्पताल को मिले 5 नए डॉक्टर, पिपलौदा में चार व रिंगनोद में तीन डॉक्टरों की पदस्थापना

सरकारी अस्पतालों में मरीजों को अच्छे उपचार की उम्मीदें, बस ये सारे डॉक्टर समय पर अस्पताल में पूरी लगन से दें ड्यूटी

जावरा अस्पताल को मिले 5 नए डॉक्टर, पिपलौदा में चार व रिंगनोद में तीन डॉक्टरों की पदस्थापना

जावरा (28 सितम्बर 26)

जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के प्रयासो में निरंतर सफलता मिल रही है। विधानसभा क्षेत्र में रिक्त पदों की पूर्ति करते हुए मप्र सरकार ने 12 चिकित्सको की पदस्थापना की है। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि अब बस ये चिकित्सक नियमित ड्यूटी दें और समय पर अस्पताल आए तथा पूरे समय मौजूद रहकर मरीजों की देखभाल करते हुए अपना कर्तव्य निभाएं तो क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिलेगी। क्योंकि इसके पहले भी कई बार नियुक्तियां हुई है लेकिन ज्यादातर डॉक्टर बांड अवधी पूरी होते ही या तो ट्रांसफर ले लेते है या नौकरी छोड़ देते है और ज्यादा सैलरी के लिए प्राइवेट अस्पतालों का रूख कर लेते है। ऐसे में कागजी रूप से भले ही पद भर जाते है लेकिन हकीकत में मरीजों को उतना लाभ नहीं मिलता है। अब चूंकि विधायक के प्रयासों से डॉक्टरों की पदपूर्ति हो गई है तो उम्मीद की जा रही है कि मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और सरकारी अस्पतालों में ही उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेगी।

        विधायक डॉ पांडेय ने रिक्त पदों की पूर्ति के लिए निरन्तर प्रयास किए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से पदपूर्ति के लिए चर्चा की थी। इन्ही प्रयासों के फलस्वरूप जावरा विधानसभा क्षेत्र के चिकित्सालयों में 12 चिकित्सको की पदस्थापना की गई है। प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा जारी चिकित्सको की नियुक्ति आदेश में सिविल हॉस्पिटल जावरा में 5 चिकित्सक मिले है। इनमे डाॅ. श्रेया रातवजिया, डाॅ. सृष्टि गर्ग, डाॅ. समीक्षा अग्रवाल, डाॅ. वरुण साहू, डाॅ. विजय पाटीदार की नियुक्ति हुई है। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद में 3 चिकित्सक डॉ. प्रतिभा पाटीदार, डॉ. किशन पाटीदार व डॉ. कृष्णा परमार की नियुक्ति हुई है। वहीं सिविल हॉस्पिटल पिपलौदा में 4 चिकित्सक डॉ. राहुल कुशवाह, डॉ. मनीषा पाटीदार, डॉ अर्चिषा कांत व डॉ. शेजल जाटव की नियुक्ति की गई है। जावरा विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सकों की पदपूर्ति से स्वास्थ्य विभाग में हर्ष व्याप्त है।क्षेत्रवासियों ने चिकित्सको की नियुक्ति पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव,उपमुख्यमंत्री शुक्ला, विधायक डॉ पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।