रतलाम में झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटने वाली महिला गैंग की 7 आरोपी गिरफ्तार, सभी राजस्थान की रहने वाली
रतलाम की माणकचौक थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी
रतलाम. (दिनांक 11 अगस्त 2026)
रतलाम शहर में चोरी, लूट एवं झपट्टा मार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना माणकचौक पुलिस ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन लूटने वाली भरतपुर (राजस्थान) की महिला गैंग की 07 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
रतलाम शहर में 10 अगस्त का है घटनाक्रम
दिनांक 10.08.2026 को फरियादी पुष्पा पोरवाल, निवासी रतलाम द्वारा रिपोर्ट की गई कि अज्ञात आरोपी द्वारा झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन निकाल ली गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 423/2026, धारा 304(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस ने ऐसे ट्रेस किया, आपराधिक षडयंत्र की धाराएं भी बढ़ाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्तरों पर पतारसी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान एवं तलाश की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भरतपुर (राजस्थान) की झपट्टा मार महिला गैंग की कुल 07 महिलाओं को गिरफ्तार किया। प्रकरण की विवेचना के दौरान आरोपियों की भूमिका एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित तथ्यों के सामने आने पर प्रकरण में धारा 61(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से झपट्टा मार की अन्य घटनाओं, उनके आपराधिक नेटवर्क तथा रतलाम सहित अन्य जिलों में की गई वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
गिरफ्तार सभी आरोपी भरतपुर जिले की
प्रकरण में कुल 07 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो सभी ग्राम रुदीकरण, थाना चिकसाना, तहसील एवं जिला भरतपुर, राजस्थान की निवासी हैं।
इस पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, थाना प्रभारी माणकचौक रतलाम, उप निरीक्षक शांतिलाल चौहान, सहायक उप निरीक्षक गोरचंद परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, प्रधान आरक्षक विजय झोड़िया, प्रधान आरक्षक मनोज चौधरी, महिला प्रधान आरक्षक कान्ता कटारा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, आरक्षक हेमन्त यादव, प्रधान आरक्षक रितेश पाटीदार, प्रधान आरक्षक मुकेश ओसारी, महिला आरक्षक वर्षा पाटीदार, महिला आरक्षक रीमा चंदेल, महिला आरक्षक भारती पंवार एवं महिला आरक्षक वर्षा कैथावस की सराहनीय भूमिका रही है।