कॉलोनाइजर पर दर्ज होगी एफआईआर !, अंबिका सिटी होम मामले में सीएमओ ने थाना प्रभारी को लिखा पत्र
अंबिका सिटी होम कॉलोनी में नपा ने एफआईआर संबंधी जो पत्र चस्पा किया है, उसे पढ़ते रहवासी।
रतलाम. अवैध और अविकसित कॉलोनियों में रहवासी मूलभूत सुविधाओं के िलए तरस रहे है। कुछ दिन पहले जावरा की अंबिका सिटी होम कॉलोनी के नागरिकों ने पार्षद शिवेंद्र माथुर के नेतृत्व में रतलाम आकर कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान शिकायत की थी। जिस पर कलेक्टर मिशा सिंह ने जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। उसके बाद 26 फरवरी 2026 को नगरपालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल शर्मा ने कॉलोनाइजर पर केस दर्ज करने के लिए जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी को पत्र लिखा है।
नगरपालिका की टीम ने इस पत्र की प्रतिलिपि कॉलोनी में सार्वजनिक रूप से चस्पा कर दी है। वहीं से यह जानकारी सामने आई है। इससे स्पष्ट है कि अब कॉलोनाइजर पर एफआईआर दर्ज हो सकती है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2017-18 में ही आयुक्त ने कॉलोनी की जांच करवाई थी और तभी नगर एवं ग्राम निवेश विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन कलेक्टर ने केस दर्ज करने के निर्देश दे दिए थे लेकिन मामला पुलिस व नपा के बीच झुलता रहा। अब लोग फिर से शिकायत करने पहुंचे तो मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने कॉलोनाइजर पर केस दर्ज करने यह पत्र लिख दिया है। हालांकि पुलिस अभी भी इसकी जांच की बात कह रही है। जांच के बाद ही एफआईआर होगी, केवल इस पत्र के आधार पर नहीं। वहीं कॉलोनाइजर इसे लेकर पहले बयान दे चुके कि मामला न्यायालय में लंबित है। वहां से निर्णय आने का इंतजार है और जो जरूरी विकास कार्य थे, वे तो हम पहले ही पूर्ण करवा भी चुके है।

कॉलोनी समस्या के बारे में 3 फरवरी को पार्षद के नेतृत्व में रहवासियों ने कलेक्ट्रोट पहुंचकर ज्ञापन भी दिया था