सफाई व्यवस्था और वार्डों में काम नहीं होने के मुद्दे पर हंगामे के साथ शुरू हुआ नपा सम्मेलन, पहले 40 मिनट तो एजेंडे पर चर्चा ही शुरू नहीं हो सकी
विधायक प्रतिनिधि सहित पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने इंजीनियर एवं स्वास्थ्य विभाग इंचार्ज लोकेश विजय पर निकाली भड़ास

जावरा. नगर पालिका परिषद का सम्मेलन मंगलवार 16 सितंबर को अपने तय समय से आधे घंटे लेट दोपहर 1 बजे शुरू हुआ। पहले 40 मिनट तो वार्डों में सफाई व्यवस्था सही नहीं होने और चौपाटी क्षेत्र के वार्डों में विकास कार्य नहीं होने के मुद्दे पर खूब हंगामा हुआ। विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह भाटी सहित पक्ष व विपक्ष पार्षदों में स्वास्थ्य विभाग के इंचार्ज एवं इंजीनियर लोकेश कुमार विजय के खिलाफ भड़ास निकाली और कार्य विभाजन तक का प्रस्ताव दिया कि इनका लोड कम करके कुछ निर्माण कार्य अन्य इंजीनियर को दें। वार्ड 30 की पार्षद भावना शर्मा ने कहा हमारे वार्ड को तो लावारिस छोड़ दिया। वहां पर काम नहीं हो रहे हैं। इनका वार्ड 29 के पार्षद शिवेंद्र माथुर ने भी समर्थन किया। पार्षद माथुर ने वीआईपी रोड जज बंगले के पास अस्थाई कचरा स्पॉट हटाने का मुद्दा भी उठाया और पिपलौदा रोड क्षेत्र की कॉलोनियों में जल भराव की समस्या का हल करने की मांग भी रखी। पार्षद कालू कदम ने स्ट्रीट लाइट चालू नहीं होने से और वार्ड 1 की पार्षद सोनू सोलंकी ने एसडीआरएफ के तहत पीलिया खाली की दीवार की ड्राइंग डिजाइन नहीं देने पर नाराजगी जाहिर की। घटिया निर्माण के भी आरोप लगे। हालांकि इंजीनियर लोकेश विजय ने कहा हमने जांच करवा ली, निर्माण सही है। लैब रिपोर्ट भी संतोषजनक आई है। सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर पार्षद निजाम काजी और कान्हा हाडा ने भी अधिकारियों को घेरा। ट्यूबवेल खनन की दरें स्वीकृति का प्रस्ताव आया लेकिन दरों की डिटेल नहीं होने से भी काजी नाराज हुए। शहर में जगह-जगह मटन दुकानों के लाइसेंस देने पर विधायक प्रतिनिधि भाटी व भाजपा पार्षद रजत सोनी ने आपत्ति ली। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। स्लाटर हाउस मुद्दे पर भी इन्होंने कहा कि जहां स्लाटर हाउस हो, वहीं पर बिक्री काउंटर होना चाहिए। शहर के बीच में नहीं। इन्होंने मछली मार्केट भी अलग बनाकर बाजार की दुकानें वहां शिफ्ट करने की मांग रखी।
कांग्रेस के नेता ही आपस में भिड़े, उपाध्यक्ष व पार्षद में हुई गरमागरम बहस

जुलाईपुरा अपने वार्ड में नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर कांग्रेस पार्षद कान्हा हाड़ा ने नाराजगी जताई। धरने पर बैठने की चेतावनी दी। इस पर उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा ने कहा काम शुरू करवा देंगे लेकिन कान्हा हाड़ा बोले कि आश्वासन तो कभी से मिल रहे लेकिन काम शुरू नहीं हो रहा है। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच गरमागरम बहसबाजी हो गई। आखिर में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह भाटी, पार्षद निजाम काजी ने बीच-बचाव करते हुए हाड़ा को वापस अपनी जगह लेकर जाकर बैठाया।
नपा उपाध्यक्ष व पार्षद के बीच बहसबाजी का वीडियो देखने के लिए यह लिंक क्लिक करें https://youtube.com/shorts/efTYrms5PY0?si=zdjKVtf_Tw4o0af4