पिपलौदा-सुखेड़ा रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, नोलखा निवासी ड्राइवर की मौत
रतलाम. जिले के पिपलौदा ब्लॉक में 23 सितंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी खाने से ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। सुखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी राजू मखोड़ सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पिपलौदा थाने एवं सुखेड़ा पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार हादसा पिपलौदा से सुखेड़ा जाने वाले रोड पर भीम कुआं क्षेत्र में हुई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी खाकर रोड किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में ड्राइवर कन्हैयालाल पिता बिजाराम नायक उम्र 35 साल निवासी ग्राम नोलखा (तहसील पिपलौदा) की मौत हो गई। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। अन्य किसी के घायल की सूचना फिलहाल नहीं है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि एक ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रॉली फंदी हुई थी। पुलिस ने पीएम करवाने के साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी है।