आलोट में ऐसा क्या हुआ कि बड़ावदा की नेता प्रतिपक्ष पहले नाराज और फिर भावुक हो गईं, पढ़े ये खबर
कांग्रेस ने फसल नुकसानी का मुआवजा दिलाने के लिए किया था किसान आक्रोश रैली का आयोजन
रतलाम. जिले के आलोट में 11 सितंबर 2025 गुरुवार को कांग्रेस ने किसान आक्रोश रैली निकाली। अतिवृष्टि और पीला मोजक सहित विभिन्न बीमारियों से खराब हुई फसलों का किसानों को मुआवजा तथा बीमा क्लेम दिलाने की मांग को लेकर यह रैली निकली और एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी हुआ। जब एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हो रहा था तभी एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने बड़ावदा नगरपरिषद की नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षद पदमा हिंगड़ को धक्का दे दिया। इससे पहले तो वे नाराज हुईं और फिर भावुक भी हो गईं। इस घटनाक्रम को लेकर मौके पर हंगामे की स्थिति भी बनी। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष उस धक्का देने वाले कार्यकर्ता के प्रति नाराजगी जाहिर करती हुईं दिख रही हैं। वायरल वीडियो में वे कहती सुनी जा रही हैं कि एक महिला से बात करने की तमिज नहीं है क्या..। तब वहां मौजूद अन्य नेता व कार्यकर्ताओं ने मामला शांत करवाया। हालांकि जब आलोट मीडिया ने नेता प्रतिपक्ष हिंगड़ से बात की तो उन्होंने धक्का-मुक्की वाली बात का खंडन कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की पीड़ा सरकार नहीं सुन रही है। किसानों का दु:ख और पीड़ा देखकर मेरी भी आंखें नम हो गई थीं। अन्य कोई बात नहीं है। कांग्रेस का किसानों के समर्थन में प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस की नेता पदमा हिंगड़ आलोट विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव में दावेदारी कर सकती हैं। इसलिए वे सक्रिय है और जावरा से लेकर आलोट तक पार्टी के हर कार्यक्रम में प्राथमिकता से हिस्सा ले रही हैं। उनकी सक्रियता से वे लोग नाराज है जो खुद भी दावेदारी की दौड़ में खड़े है। चर्चा है कि आलोट में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान ऐसे ही एक दावेदारी के दौड़ वाले नेता ने श्रीमती हिंगड़ को धक्का दिया था। इसी से वे भावुक हुईं। हालांकि बाद में मीडिया ने उनसे पूछा तो उन्होंने धक्के वाली बात से इनकार कर दिया और कहा किसानों की पीड़ा देखकर आंखें नम हो गई थी।
वीडियो देखने के लिए ये लिंक क्लिक करें.. https://youtube.com/shorts/80tsjALPNig?si=_yL6IdhoKoi3WB4H