जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती महिला को कमरे में बंद कर के गहने लूटे, इस सूचना से मचा हड़कंप

लूट हुई अथवा नहीं इसकी जांच कर रही है पुलिस, जांच में खुलासा हुआ महिला खुद ही दूसरे दरवाजे से कमरे में चली गई थी, लूट नहीं

जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती महिला को कमरे में बंद कर के गहने लूटे, इस सूचना से मचा हड़कंप

रतलाम. जिले के जावरा सरकारी अस्पताल में भर्ती एक महिला को कमरे में बंद करके उसके सोने-चांदी के गहने किसी ने लूट लिए। ऐसी प्रारंभिक सूचना से अस्पताल में हड़कंप मच गया। हालांकि अभी यह क्लियर नहीं हुआ है कि उसके साथ लूट हुई अथवा वह ज्वेलरी घर पर भूल आई थी। घबराई महिला को अस्पताल कर्मचारियों ने सुबह बाहर निकाला। ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने सिटी थाना पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लूट हुई अथवा नहीं यह जांच का विषय है। लेकिन महिला कमरे में कैसे बंद हुई यह जांच चल रही है और नई जानकारी के अनुसार पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला खुद ही दूसरे दरवाजे से उस कमरे में चली गई थी, जिसमें बाहर से ताला लगा है। उसके साथ लूट जैसी कोई घटना भी नहीं हुई है।

        बताया जा रहा है कि ग्राम बोरदा निवासी मगन बाई माली को सांस संबंधी प्रॉब्लम होने पर शुक्रवार रात सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहीं पर रात में किसी ने महिला को लैब तरफ के कमरे में बंद कर दिया। और उसके कान की बाली और पैर से पायल निकाल कर ले गए। यह बात बोरदा के सरपंच श्याम सिंह राठौड़ और महिला के रिश्तेदार ने कही है। महिला कमरे में ही थी, जिसे अस्पताल कर्मचारियों ने बाहर निकाला। सूचना पर बोरदा से ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और शनिवार सुबह उन्होंने अस्पताल इंचार्ज को मामले की जानकारी दी। इसके बाद अस्पताल प्रभारी डॉक्टर दीपक पालड़िया भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ ही विभागीय स्तर पर भी जांच शुरू करवा दी। आखिर जांच में खोदा पहाड़ और निकली चुहिया वाली कहावत सच हो गई। क्योंकि सीसीटीवी कैमरे की जांच में पता चला कि महिला खुद ही दूसरे रास्ते से गलती से उस कमरे में चली गई थी जिसके मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा था और उसके साथ लूट की भी घटना भी नहीं हुई। इसके बाद पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।

      वहीं प्रारंभिक जांच में महिला के सोने की कान की बाली तो उसी के पर्स में मिल गई है लेकिन पैर से निकली पायल का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस का कहना है कि यह भी हो सकता है कि महिला पायल घर पर ही भूल कर आई हो और घबराहट के कारण कुछ बता नहीं पा रही। इसलिए जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।