बड़ावदा में रावण बारिश में भीगा, जावरा में हुआ दहन, आतिशबाजी की

सेजावता दशहरा मैदान पर भी हुआ रावण दहन, त्रिमूर्ति स्कूल मैदान में रात 10:00 बजे बाद जला रावण

बड़ावदा में रावण बारिश में भीगा, जावरा में हुआ दहन, आतिशबाजी की

जावरा. विजयादशमी पर्व गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह रावण दहन के कार्यक्रम हुए। बड़ावदा कस्बे में अचानक बारिश शुरू होने से रावण का पुतला पानी में भिग गया। दिन में मौसम खुला था। इसलिए आयोजकों ने पुतले को प्लास्टिक से भी नहीं ढंका था। अचानक बारिश होने से पुतला भिग गया। आखिर में बड़ावदा के रावण को पेट्रोल डालकर जलाना पड़ा।

  इधर जावरा के हनुमान गंज दहशरा मैदान पर दशहरा उत्सव समिति एवं नगरपालिका ने संयुक्त आयोजन किया। यहां डिजिटल आतिशबाजी की गई। हजारों की तादाद में लोग नजारा देखने उमड़े। रात करीब 8 बजे रावण और मेघनाथ, कुंभकर्ण पुतले का दहन किया गया। नाभी पर तलवार मारने की परंपरा पूरी होने के बाद राम-लक्ष्मण बने कलाकारों ने रावण के साथ ही तीनों पुतलों पर अग्निबाण चलाए और दहन किया। इसके पहले तालनाका तेली गली से समाजजन द्वारा रामजी की झांकी निकाली गई। ये मैदान पहुंची। जहां राम-रावण सेना में सांकेतिक युद्ध हुआ। दशहरे को बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है। इसलिए जैसे ही रावण दहन संपन्न हुआ, वहां मौजूद सभी लोगों ने एक-दूसरे को त्योहार की बधाई व शुभकामनाएं दी।

सेजावता मैदान में भी दशहरा उत्सव समिति के तत्वाधान में रावण दहन का आयोजन हुआ। वहां भी बड़ी तादाद में लोग रावण दहन का दृश्य देखने के लिए जुटे और आतिशबाजी का भी आनंद लिया।

सेजावता दशहरा मैदान पर रावण दहन से पहले युद्ध करते राम रावण की सेना

मारूति नंदन दशहरा उत्सव समिति ने चौपाटी क्षेत्र में मंशापूरण मंदिर रोड किनारे त्रिमूर्ति स्कूल के सामने मैदान में रावण दहन का आयोजन किया। वहां रावण दहन से पहले विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन किए गए।  आखिर में रात को 10:15 बजे रावण दहन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

मारुति नंदन उत्सव समिति के आयोजन में रावण दहन देखते हुए लोग

बड़ावदा में बारिश के कारण रावण पुतला पूरी तरह से पानी में भीग गया।