मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रतलाम में किया संघ शताब्दी सभागार का लोकार्पण
समारोह में बोले मुख्यमंत्री : भारत सर्वे भवन्तु सुखिनः भाव के साथ चलता है, हम शक्ति के साथ ही संस्कारों में विश्वास करते है

संघ शताब्दी सभागार के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंचासीन अतिथि।
रतलाम. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 अक्टूबर 2025 को रतलाम के काटजू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में नव निर्मित संघ शताब्दी सभागार का लोकार्पण किया। इस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाजिक संस्थाएं समाज के सहयोग से सामुदायिक महत्व के कार्यों का संपादन और अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करती हैं। समाज के सहयोग से कई स्थानों पर मंदिर, शालाओं और अन्य सामुदायिक महत्व के भवनों का निर्माण और अन्य महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए हैं। सरस्वती विद्या मंदिर द्वारा इस दिशा में की जा रही पहल और जनसामान्य द्वारा इसके लिए दिया जा रहा सहयोग सराहनीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगे कहा कि दुनिया में कई देश सैन्य और आर्थिक रूप से मजबूत है लेकिन भारत दुनिया का इकलौता देश है जहां सनातन संस्कृति से समाज चल रहा है। हम शक्ति के साथ संस्कारों में विश्वास करते हैं और सर्वे भवन्तु सुखिनः के भाव के साथ चलते हैं। भारत हजारों सालों से विश्व गुरू रहा है। हमने तक्षशिला, नालंदा, विक्रमादित्य विश्वविद्यालयों के माध्यम से दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। दुनिया के कई देशों के लोग सुशासन की स्थापना की शिक्षा ग्रहण करने के लिए आज भी भारत आते है।
समारोह में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन के आधुनिक विश्वकर्मा हैं। उनके नवाचार और विकास के कार्य आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में नई शिक्षा नीति का क्रियान्वयन हुआ है। हमें इसे विस्तार देना है। कार्यक्रम को विद्या भारती के मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा, विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र सखलेचा, विद्या भारती मालवा प्रांत के अध्यक्ष प्रकाश धनखड़ ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत पर नृत्य एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, गोपाल काकानी सहित जनप्रतिनिधि, स्कूल स्टॉफ एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभागार के निर्माण के लिए राशिदान देने वाले दानदाताओं को भी सम्मानित किया।

समारोह से पहले रतलाम हेलीपैड पर जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का किसानों को फसल नुकसानी पर आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आभार धन्यवाद माना और उनका स्वागत भी किया।
इधर रतलाम आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मीडिया से दूरी बनाए रखी। इसे लेकर जिले के मीडियाकर्मियों में असंतोष भी देखा गया।
विज्ञापन
