सादाखेड़ी में सेल्समैन पर राशन घोटाले का आरोप, राशन कार्ड में इंट्री कर ली लेकिन राशन नहीं दिया

जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा ने गांव पहुंचकर अधिकारियों से बनवाया पंचनामा, भंडार गृह सील

सादाखेड़ी में सेल्समैन पर राशन घोटाले का आरोप, राशन कार्ड में इंट्री कर ली लेकिन राशन नहीं दिया

रतलाम. जिले के ग्राम सादाखेड़ी में सरकारी उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन पर राशन घोटाले का आरोप लगा है। गांव वालों की शिकायत पर 30 सितंबर 2025 को जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा सादाखेड़ी पहुंचे। वहां उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था उपलई के प्रबंधक और खाद्य आपूर्ति अधिकारी को बुलवाकर पंचनामा बनवाया है। अधिकारियों ने सेल्समैन देवेंद्र भट्‌ट को फोन लगाए लेकिन वह मौके पर नहीं आया। ऐसे में भंडार गृह सील कर दिया गया है। जिला पंचायत सदस्य भरावा ने बताया कि सेल्समैन ने राशन कार्ड लेकर अपने पास रख लिए। गांव में करीब 200 हितग्राहियों के अंगूठे लगवाकर राशन कार्ड में इंट्री कर दी लेकिन उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। किसी को 6 महीने किसी को 8 महीने तो किसी को 14 महीने से राशन नहीं मिला है। जिम्मेदार अधिकारी भी इससे अनभिज्ञता जाहीर कर रहे है। हालांकि जिला पंचायत भरावा की सूचना पर एसडीएम सुनील जायसवाल ने मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने खाद्य आपूर्ति अधिकारी आकाश गौड़ को जांच के निर्देश भी दे दिए है। वहीं सेल्समैन भट्‌ट ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है तथा कहा कि कुछ लोगों का राशन वितरण बाकी था जो एक-दो दिन में करवा देंगे।