जावरा में समाजसेवी स्वर्गीय राजेंद्र कोलन का देहदान, गार्डन ऑफ़ ऑनर दिया
लायंस क्लब और संजीवनी फाउंडेशन के माध्यम संपन्न हुई प्रक्रिया
जावरा. देहदान महादान जैसे शब्दों की वास्तविक सार्थकता जावरा नगर में उस समय चरितार्थ हुई, जब समाजसेवी स्वर्गीय राजेंद्र कोलन के निधन के उपरांत उनके परिवारजनों ने त्वरित और प्रेरणादायी निर्णय लेते हुए देहदान हेतु सहमति प्रदान की।
स्व. राजेंद्र कोलन की धर्मपत्नी ललिता कोलन, पुत्र ऋषभ कोलन, पुत्री अर्पिता पीपाड़ा तथा छोटे भाई संजयकुमार, सुशीलकुमार, शैलेशकुमार एवं विपिनकुमार कोलन ने संजीवनी फाउंडेशन जावरा एवं लायंस क्लब जावरा के माध्यम से देहदान की इच्छा व्यक्त की। इस पुनीत कार्य में मार्गदर्शन प्रदान करते हुए लायंस क्लब जावरा एवं संजीवनी फाउंडेशन के अध्यक्ष यश जैन (एडवोकेट) ने प्रशासनिक अधिकारियों तथा मंदसौर मेडिकल कॉलेज के डीन से समन्वय स्थापित कर संपूर्ण शासकीय प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण करवाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार देहदानी को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सम्मानित करते हुए अंतिम यात्रा संपन्न कराई गई। इसके पश्चात एम्बुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर को मंदसौर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ कॉलेज प्रबंधन द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा परिवार को देहदान की स्मृति स्वरूप सम्मान पत्र एवं स्मृति चित्र भेंट किया गया।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए यश जैन ने कहा स्व. राजेंद्र कोलन द्वारा किया गया देहदान केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि जावरा नगर का तीसरा देहदान है, जो संपूर्ण रतलाम जिले एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इससे देहदान के प्रति जन-जागरूकता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने परिवार के इस अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी निर्णय के लिए कृतज्ञता एवं साधुवाद भी प्रकट किया।
25 से अधिक नागरिक भर चुके हैं देहदान संकल्प पत्र : संजीवनी फाउंडेशन के माध्यम से अब तक 25 से अधिक गणमान्य नागरिक देहदान हेतु संकल्प पत्र भर चुके हैं। जो क्षेत्र में सामाजिक चेतना के विस्तार का स्पष्ट संकेत है।

कोलन की श्रद्धांजलि सभा में समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति : श्रद्धांजलि सभा का संचालन नरेश मेहता द्वारा किया गया। उपस्थित नागरिकों ने स्व. कोलन को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वैभव रांका (संजीवनी फाउंडेशन), लायन मनीष कोचर (देहदान प्रकल्प चेयरपर्सन) सहयोग प्रदान करा ओर साथ ही लायन विरेंद्र सिसोदिया, लायन पंकज काठेड, पूर्वाध्यक्ष लायन रमेश मेहता साथ ही समाजजन सुभाष टुकड़िया, रवि खारीवाल, अनिल दसेड़ा, विनोद लूनिया, प्रदीप दसेड़ा, कोलन परिवार के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस पुनीत कार्य में रतलाम की काकाणी फाउंडेशन के गोविंदभाई का भी विशेष सहयोग रहा।