जावरा के दानिश को राजस्थान के कोटा में गोली मारी, गंभीर हालत में भर्ती

जावरा के दानिश को राजस्थान के कोटा में गोली मारी, गंभीर हालत में भर्ती

रतलाम. जिले के जावरा मुगलपुरा निवासी 31 वर्षीय दानिश खान को राजस्थान के कोटा में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। वह वहां एक शादी समारोह में शामिल होने गया था और मैरिज गार्डन के बाहर खड़ा था, तभी कार से पहुंचे चार लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे दानिश खान को तीन गोलियां लगी। कोटा के अस्पताल में ऑपरेशन के बाद गोलियां निकालकर आईसीयू में भर्ती किया गया है। दानिश की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटनाक्रम कोटा के बोरखेड़ा 120 फीट रोड स्थित मैरिज गार्डन के बाहर की बताई जा रही है। वहां के डीएसपी रूद्रप्रकाश के मुताबिक यह गोलीकांड जावरा में हुई चाकू बाजी से संबंधित बताया जा रहा है। जावरा में 27 दिसंबर को पैलेस मैदान क्षेत्र में किसी मोहम्मद नवाज खान पर चाकू से जान लेवा हमला हुआ था। उस मामले में दानिश के खिलाफ जावरा सिटी थाने में केस भी दर्ज है। और बताया जा रहा है कि उसी का बदला लेने के लिए सामने वाले पक्ष के कुछ लोग पीछा करते हुए कोटा तक पहुंचे और इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही गोलीकांड का असल कारण सामने आएगा।

घायल दानिश के पेट पर बाई तरफ गोलियों के निशान।

विज्ञापन