ठीक 48 घंटे में लौट आया राहुल सालित्रा, आखिर कहां और क्यों गया था जानने के लिए पढ़िए यह खबर
पुलिस राहुल को ढूंढने निंबाहेड़ा गई थी और राहुल खुद ही ट्रेन में बैठकर घर आ गया
जावरा. मोती नगर निवासी राहुल पिता प्रभुलाल सालित्रा 48 घंटे में वापस घर लौट आया है। वह 26 सितंबर की शाम करीब 6:00 बजे घर के पीछे स्थित खेत पर सब्जी तोड़ने गया था। वहीं से लापता हो गया और तभी से उसका मोबाइल भी बंद था। चप्पल भी उसकी खेत किनारे ही पड़ी थी। पिता प्रभुलाल सहित परिजन ने आसपास कई जगह ढूंढा। सिटी पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने कुए-बावड़ी से लेकर सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। इस दौरान 28 सितंबर को निंबाहेड़ा से किसी टेंपो वाले ने पुलिस को फोन करके बताया कि जो फोटो वायरल हो रहा है उस युवक को निंबाहेड़ा में देखा गया है। इस पर सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने जांच अधिकारी एएसआई सगीर खान को टीम के साथ निंबाहेड़ा रवाना किया। वह निंबाहेड़ा पहुंचे और इधर निंबाहेड़ा से अकेले ही ट्रेन में बैठकर राहुल जावरा पहुंच गया। वह ठीक 48 घंटे बाद रविवार शाम 6:00 बजे मोती नगर अपने घर के बाहर टेंपो से उतरा और रोते हुए परिजन से मिला। राहुल को सकुशल देखकर परिजन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पुलिस ने राहुल के बयान दर्ज किए। जिसमें राहुल ने पुलिस को बताया कि वह कामकाज सही नहीं चलने के कारण परेशान था। इसलिए मोबाइल और चप्पल खेत पर ही छोड़कर ट्रेन में बैठ निंबाहेड़ा चला गया था। दो दिन वही रहा और वापस ट्रेन में बैठकर घर आ गया।
