फिर से बन रहे मुख्यमंत्रीजी के जावरा आने के योग, 3 अक्टूबर को दौरा प्रस्तावित, कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

सुजापुर पहाड़ी पर स्थापित पूर्व सांसद डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेयजी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

फिर से बन रहे मुख्यमंत्रीजी के जावरा आने के योग, 3 अक्टूबर को दौरा प्रस्तावित, कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

रतलाम. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पहले दो बार जावरा क्षेत्र में दौरा टल चुका है। एक बार 16 या 17 अगस्त को जावरा आने की चर्चा शुरू हुई तो प्रशासन ने हेलीपेड से लेकर सभा स्थल का चयन कर लिया था। हालांकि वो दौरा टल गया। फिर जब सीएम फसल नुकसानी का जायजा लेने जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आंबा व गुडरखेड़ा आने वाले थे। वहां भी जिलेभर के अधिकारी पहुंचे और खेत चिन्हित किए लेकिन ऐनवक्त पर वह दौरा भी सैलाना सीमा तक सीमित हो गया और जावरा सीमा में सीएम साहब नहीं आए।

अब एक बार फिर 3 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्रीजी का जावरा दौरा प्रस्तावित हुआ है। चूंकि विधायकजी से वादा किया है, इसलिए सीएम जावरा आएंगे ये तो तय है लेकिन तारीख आगे पीछे हो सकती है। संभवत: 3 अक्टूबर की तारीख में भी फेरबदल हो सकता है, क्योंकि उसके ठीक एक दिन पहले दशहरा और मूर्ति विसर्जन में पूरा प्रशासन व्यस्त रहेगा। ऐसे में तैयारियों के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलेगा। यही कारण है तारीख आगे बढ़ सकती है।

बहरहाल 3 अक्टूबर के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए 25 सितंबर की शाम को विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के साथ कलेक्टर राजेश बाथम एवं एसपी अमित कुमार ने जावरा क्षेत्र में निरीक्षण किया। विधायक और अधिकारियों ने सुजापुर पहाड़ी पर जहां पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय की प्रतिमा स्थापित है, वहां का निरीक्षण किया। दरअसल सीएम के द्वारा मूर्ति अनावरण का कार्यक्रम संभावित है। इसलिए अधिकारी वहां व्यवस्था देखने पहुंचे। इधर उमटपालिया बरगढ़ फंटे पर हेलीपेड के लिए जगह देखी है। भगत सिंह कॉलेज परिसर के साथ ही सभा के लिए अरनियापीथा मंडी प्रांगण का निरीक्षण किया है। चूंकि अभी सीएम का स्पष्ट कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। इसलिए वे यहां और किन-किन कार्यक्रमों मंे शामिल होंगे, ये अभी पता नहीं चला है।