घट स्थापना के साथ मां नवदुर्गा की आराधना शुरू, इस बार 10 दिनी उत्सव, 2 अक्टूबर को मनाएंगे दशहरा

नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना, बाजारों में रही रौनक, शुभ कार्य भी शुरू हुए

घट स्थापना के साथ मां नवदुर्गा की आराधना शुरू, इस बार 10 दिनी उत्सव, 2 अक्टूबर को मनाएंगे दशहरा

जावरा के गोवर्धन नाथ मंदिर चौराहा पर श्री दुर्गा मंडल द्वारा मां दुर्गा की झूले पर विराजित प्रतिमा स्थापित की गई है। दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 24 सितंबर की रात यहां बाना डंडे का आयोजन होगा।

जावरा. आदिशक्ति मां नवदुर्गा की आराधना और भक्ति का पर्व नवरात्र सोमवार से शुरू हो गए है। पहले दिन विधि-विधान से घट स्थापना की गई। आरती के बाद बालिकाओं ने गरबों से मां की आराधना की।

    इस बार नवरात्रि उत्सव 10 दिनों तक मनाया जाएगा। एक तिथी की बढ़ाेतरी के कारण 22 सितंबर से लेकर 1 अक्टूबर तक नवरात्रि उत्सव मनाया जाएगा। नवमी 1 अक्टूबर की है। इसलिए दशहरा 2 अक्टूबर को मनाया जाएगा। नगर में भी रावण दहन के आयोजन 2 अक्टूबर को होंगे। इस बीच नवरात्रि में 10 दिन तक रात में जगह-जगह नवदुर्गा पंडालों में आरती के बाद बालिकाएं गरबे व डांडिया खेलकर भक्ति करेंगी। इस बार नगर में कई स्थानों पर मां नवदुर्गा की एक से बढ़कर एक भव्य और नयनाभिराम प्रतिमाएं विराजित की गई है। इसलिए पहले दिन से ही दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पंडालों में खींचे चले आए।

     इधर नवरात्रि शुरू होते ही बाजार में भी रौनक लौट आई। शुभ कार्यों की शुरूआत के साथ ही वाहन, सोना-चांदी व कपड़ों के अलावा जरूरी सामान की खरीदारी के चलते दिनभर बाजार में भीड़ रही। जीएसटी दरों में कटौती का असर भी मार्केट में नजर आया है।

स्टेशन रोड जेतका साहब गली में श्री सांवरिया मित्र मंडल द्वारा गरबे का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन 48 आराधिकाओ ने गरबे से मां की भक्ति की।