जीवन सिंह शेरपुर व डीपी धाकड़ के खिलाफ बिजली अधिकारी-कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, ज्ञापन दिया

जीवन सिंह शेरपुर व डीपी धाकड़ के खिलाफ बिजली अधिकारी-कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, ज्ञापन दिया

रतलाम. पहले धराड़ और फिर ताल क्षेत्र में करंट लगने से दो लोगों की मौत के बाद बिजली कंपनी अधिकारियों पर एफआईआर तथा मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर करणीसेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर तथा जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ ने धरना-प्रदर्शन किए थे। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर की और कंपनी को भी आर्थिक सहायता का आश्वासन मृतक के परिजन को देना पड़ा।

     लेकिन अब उन दोनों धरना-प्रदर्शनों से बिजली अधिकारी, कर्मचारी खुद को असुरक्षित मान रहे है। बिजली अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में जिलेभर के डीई, एई, जेई व अन्य बिजली कर्मचारियों ने रतलाम पहुंचकर रेली निकाली। प्रदर्शन किया और जीवन सिंह एवं डीपी धाकड़ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर एडीशनल एसपी विवेक कुमार लाल को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर व एसपी के नाम सौंपे ज्ञापन में बिजली अधिकारी-कर्मचारियों ने कहा कि किसी भी प्राकृतिक या आकस्मिक घटना की स्थिति में ये दोनों नेता भीड़ जुटाकर कंपनी अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव बनाते है। अभद्रता करते है। ग्रिड जलाने व अन्य तरह की धमकियां देते है। इसलिए गुंडा एक्ट, एनएसए आदि में कार्रवाई करें और कंपनी अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करें।

      एक अन्य ज्ञापन एसई मनोज शर्मा को दिया और उसमें आउट सोर्स कर्मचारियों के मामले में आउट सोर्स एजेंसियों की जिम्मेदारी तय करने, जोखिम क्षतिपूर्ति की व्यवस्था करने, 50 लाख तक के बीमा कवर करने, मानक अनुसार कार्य करने, रिक्त पदों पर भर्ती करने जैसी मांगें रखी है ताकि फिल्ड में कार्य व्यवस्था सुधरें।