जिस युवती को 27 दिन तक नदी में ढूंढ रहे थे वह तो प्रेमी के साथ चली गई थीं, शादी भी कर ली, भीलवाड़ा से मिली
अंगेठी में मलेनी पुलिया से फोटो खिंचाते वक्त नदी में गिरने की झूठी कहानी रची थी, अब खुली पोल, गांव के ही युवक से हरदा में जाकर रचा ली शादी

डीआरसी व होमगार्ड टीम ने कई दिनों तक नाव, रस्सी, बिलई से नदी में युवती की सर्चिंग की लेकिन नहीं मिली क्योंकि वह नदी में गिरी ही नहीं थीं
रतलाम. जिले के गांव पल्दुना की युवती के मलेनी नदी में बहने की रहस्यमय कहानी से पर्दा उठ गया है। परिजन, पुलिस और डीआरसी की टीम उसे 27 दिन तक मलेनी नदी और आसपास के नालों में ढूंढते रहे लेकिन हकीकत तो यह है कि वह नदी में गिरी ही नहीं थी। बल्कि कि 21 अगस्त को ही उसने गांव के ही रहने वाले राहुल नामक प्रेमी के साथ भागने की प्लानिंग कर ली थी और 21 अगस्त को अंगेठी माताजी के मंदिर दर्शन करने गए तब राहुल वहां पहले से ही कार लेकर मौजूद था। दर्शन के बाद मलेनी नदी की पुलिया पर फोटो खींचाने के बाद युवती ने अपने ममेरे भाई को चकमा दिया और प्रेमी के साथ कार में बैठकर हरदा चली गई। जहां उसने शादी रचा ली। यह बात उसने पुलिस को भी बयान में कही है। शादी के बाद यह दोनों प्रेमी-प्रेमिका भीलवाड़ा राजस्थान गए और वहां एक गांव में रहने लगे। पुलिस ने वहीं से इनको ढूंढा और करीब 27 दिन बाद 17 सितंबर की रात यह पिपलोदा थाने में पेश हुए। दरअसल इतने दिनों तक नदी से युवती नहीं मिली और गांव का ही एक युवक उसी दिन से लापता हुआ तो पुलिस को शक हुआ और पुलिस ने नदी की बजाय दूसरे एंगल से जांच पड़ताल शुरू की। जिसमें इस पूरी रहस्यमय कहानी का पर्दाफाश हो गया और युवती के नदी में गिरने की कहानी पूरी तरह झूठी निकल गई। वह भीलवाड़ा से प्रेमी के साथ जिंदा मिल गई। पुलिस ने दोनों के बयान लेने के बाद परिजन को सूचित कर दिया है।