आपको भी किसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा या कोई समस्या हल नहीं हो रही जो जावरा में लग रहे शिविर में जरूर जाएं

विधायक डॉ. पांडेय ने किया जन कल्याणकारी शिविर का शुभारंभ, अफसरों से कहा आवेदनों का गंभीरता से करें निराकरण

आपको भी किसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा या कोई समस्या हल नहीं हो रही जो जावरा में लग रहे शिविर में जरूर जाएं

जावरा. नगरपालिका परिसर में 12 जून 2026 से तीन दिवसीय जन कल्याणकारी शिविर शुरू हुआ है। यह रोज कार्यालयीन समय में 14 जून 2026 तक चलेगा। इसमें सभी विभागों की स्टॉल है और सभी विभाग प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। इसलिए किसी पात्र हितग्राही को किसी योजना का लाभ नहीं मिला या कोई अड़चन आ रही है तो वह इस शिविर में संबंधित विभाग के स्टॉल पर जाकर संपर्क करें। दावे किए जा रहे है कि इसमे माध्यम से पात्र हितग्राहियों को समयावधी में लाभ दिलाया जाएगा। वहीं किसी की कोई समस्या है, जिसके निराकरण के लिए कोई सुनवाई नहीं हो रही है तो वह भी यहां संबंधित स्टॉल पर आवेदन दें, उसे ऑनलाइन दर्ज करके निराकरण भी करवाया जाएगा। इसलिए जो अब तक वंचित थे या जिनकी समस्या हल नहीं हुई, उन्हें शिविर का लाभ लेना चाहिए। 

        पहले दिन शुक्रवार 12 जून को विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय ने नगरपालिका में इस अनुविभाग स्तरीय जन कल्याणकारी शिविर का शुभारंभ किया। शिविर 14 जून तक चलेगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चन्द्रवंशी, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, जावरा जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह, नगर पालिका अध्यक्ष अनम कडपा, मंडल अध्यक्षगण राजेश शर्मा, मांगीलाल पांचाल, राजेन्द्र सिंह देवड़ा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्षद गण उपस्थित थे। इस दौरान  विधायक डॉ पांडेय ने जनकल्याण शिविर को आमजन के लिए हितकारी बताते हुए अफसरों से कहा कि आमजन व ग्रामीणों के आवेदन पर गंभीरता से निराकरण किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में एसडीएम सुनील जायसवाल ने शिविर के उद्देश्य व होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।

विधायक डॉ पांडेय ने सभी विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया और हितग्राहियों से चर्चा की। आयोजन के दौरान जावरा व पिपलौदा जनपद पंचायत अंतर्गत प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना अंतर्गत मध्यान्ह भोजन रसोईयों की प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। जिसमें विधायक डॉ पांडेय सहित जनप्रतिनिधियों ने भोजन को चखकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से 21 जून 2026  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की अवधि में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं/सेवाओं में पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को लाभ प्रदान करने हेतु 3 दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में अनुभाग जावरा क्षेत्र के विभिन्न 19 विभागों द्वारा योजनाओं/सेवाओं में पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को लाभ प्रदान करने हेतु स्टॉल लगाए गए है एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी विभागों द्वारा नागरिकों को प्रदान की गई। साथ ही शिविर में अतिथियों द्वारा योजनाओं/सेवाओं में पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। 

शिविर शुभारंभ कार्यक्रम में नगर पालिका सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, नगर पालिका एल्डरमेन मनोहर पांचाल, अजय सकलेचा, पार्षद शिवेन्द्र माथुर, तेजसिंह कदम, पार्षद प्रतिनिधि राजेश धाकड़, पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे। संचालन सांदीपनि विद्यालय के उप प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने किया। आभार तहसीलदार सहदेव मौरे ने माना है।