जावरा के भीमाखेड़ी में नकली दूध की शंका में फैक्ट्री पकड़ी, बड़ी मात्रा में बन रहा था पाउडर से मिलावटी दूध

पुलिस ने की छापेमारी, खाद्य विभाग की टीम ने जांच सैंपल लिए, रात 8:00 बजे फैक्ट्री सील की

जावरा के भीमाखेड़ी में नकली दूध की शंका में फैक्ट्री पकड़ी, बड़ी मात्रा में बन रहा था पाउडर से मिलावटी दूध

रतलाम. जावरा के पास ग्राम भीमाखेड़ी में पुलिस ने एक नकली दूध (व्हे पाउडर के साथ मिलावटी दूध) बनाने की शंका में फैक्टरी पर छापामार कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि वहां बड़ी मात्रा में व्हे लेक्टोज पाउडर से मिलावटी दूध बनाया जा रहा था। मौके से एक टैंकर पाउडर मिक्स दूध और 97 बोरी व्हे परमिट पाउडर मिला है। आईए थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। अब खाद्य विभाग की टीम को भी बुलाया गया है। अभी कार्रवाई जारी है। फैक्टरी किसी यश माली निवासी भीमाखेड़ी की बताई जा रही है। हालांकि उनके पास डेयरी संचालन का लाइसेंस मिला है और फैक्टरी संचालक का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र से दूध इकट्‌ठा करते है और उसे आगे सप्लाई करते है। दूध को मेंटेन करने के लिए यह पाउडर मिलाया जाता है जो कि विधिवत है। इसे नकली या मिलावटी दूध की श्रेणी में नहीं मानेंगे। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि ज्यादा मात्रा में मिलावट नकली या मिलावटी दूध की श्रेणी में आता है। हालांकि खाद्य विभाग अधिकारियों ने इसके सैंपल लिए है। वहां से जो रिपोर्ट आएगी, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संदेहास्पद मामला मानते हुए सैंपल लिया है। यदि लैब से सैंपल फेल होते है या नकली दूध की पुष्टि होती है तब इसमें एफआईआर की जाएगी। यदि सैंपल पास होते है तो कोई कार्रवाई नहीं होगी। मिली जानकारी के अनुसार रात 8:00 बजे तहसीलदार सहदेव मौरे भी पटवारी पंकज राठौर और टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फिलहाल फैक्ट्री को सील करवा दिया है। यह भी पता चला है कि यश माली निवासी भीमाखेड़ी के पास केवल फूड लाइसेंस था। इस प्रकार से पाउडर मिलाकर दूध की मैन्युफैक्चरिंग या प्रोसेसिंग करने का कोई लाइसेंस नहीं है।

फैक्ट्री पर ताला लगाकर सील करते हुए अधिकारी कर्मचारी

कार्रवाई करते हुए पुलिस और खाद्य विभाग के अधिकारी

इस प्रकार का लैक्टोज पाउडर मिश्रण वाला दूध व गाढ़ा पदार्थ भी जब्त हुआ है।