चार घंटे चक्काजाम : ताल में छेड़छाड़ के आरोपी का जुलूस निकालने की मांग पर अड़े ग्रामीण

28 अप्रैल को एक रेस्टोरेंट संचालक ने की थी छेड़छाड़, 29 अप्रैल को हुआ बवाल

चार घंटे चक्काजाम : ताल में छेड़छाड़ के आरोपी का जुलूस निकालने की मांग पर अड़े ग्रामीण

रतलाम. जिले के ताल नगर में 28 अप्रैल को बस स्टैंड स्थित एक रेस्टोरेंट के संचालक शिवराज सिंह राजपूत ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ की थी और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी शिवराज सिंह को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर दिया है। लेकिन उसी आरोपी का नगर में जुलूस निकालने, उसकी दुकान सील करने, मकान तोड़ने तथा उसे जिला बदर करने की मांग को लेकर 29 अप्रैल 2026 को आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोग ताल पहुंचे। इन्होंने पहले थाने के पास चक्काजाम का प्रयास किया। फिर चंबल नदी के पास पुलिया पर पहुंचे और वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहन आड़े खड़े करके रास्ता बंद कर दिया। दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक करीब चार घंटे रास्ता बंद रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर, ताल थाना प्रभारी वीडी जोशी ने काफी समझाइश दी और नियमानुसार आरोपी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं हुए। आखिर शाम 5 बजे जैसे-तैसे प्रतिनिधि मंडल को मनाकर थाने ले गए और वहां चर्चा शुरू की। इधर ट्रैफिक बहाल करवाया गया। पुलिस ने कुछ वाहन भी जब्त करके थाने में खड़े करवाए है। बताया जा रहा है कि इसी मामले में आक्रोशित भीड़ ने एक दिन पहले 28 अप्रैल को भी घटना के बाद संबंधित रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की थी। फिलहाल पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया है और रास्ता खुलवा दिया है।