सुखेड़ा जैन मंदिर में हुई चोरी मामले में पुलिस ने पुजारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
आरोपी पुजारी व उसके साथी को जेल भेजा, तीसरे को रिमांड पर लेकर दिल्ली जाएगी पुलिस
रतलाम. पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सुखेड़ा के जैन मंदिर में 21 जून को दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। वहां से भगवान की प्रतिमा पर पहना सोने का हार और एक चांदी से बना सिद्ध चक्र चोरी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने मंदिर के पुजारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी संदीप मालवीय ने 25 जून 2026 को इसका खुलासा किया।
एसडीओपी मालवीय ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट के बाद एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक लाल के निर्देशन में जांच टीम गठित की। पुलिस टीम ने विभिन्न सुराग जुटाकर मंदिर के पुजारी विशाल बैरागी निवासी ग्राम बुढ़ा जिला मंदसौर, उसके साथी सुनील चौहान निवासी ग्राम गर्रावद और दीपक टेलर निवासी पहेड़ा जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। सिद्ध चक्र तो पुजारी विशाल के कब्जे से जब्त हुआ और सोने का हार आरोपी दीपक व सुनील ने दिल्ली में किसी को बेच दिया था। उनके कब्जे से हार बेचने से प्राप्त 94 हजार रुपए जरूर पुलिस ने बरामद कर लिए है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से पुजारी विशाल और दीपक को जेल भेज दिया। जबकि सुनील चौहान को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। उसे दिल्ली लेकर जाएंगे और जहां हार बेचा है, वहां की तस्दीक की जाएगी। इन आरोपियों की गिरफ्तारी में पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली, सुखेड़ा चौकी प्रभारी राजू मखोड़ सहित थाने व चौकी की पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा है।