चोरों की पुलिस को खुली चुनौती : बटालियन में घुसकर ले गए ज्वेलरी और नगदी
बटालियन स्थित आरक्षक के घर पर जांच पड़ताल करते पुलिस अधिकारी।
रतलाम. अब इसे चोरों की होशियारी कहें या बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म होने की स्थिति, लेकिन जिले के जावरा क्षेत्र में पुलिसकर्मी के सरकारी घर में ही चोरी हो गई।
बेखौफ बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए विशेष सशस्त्र बल की 24वीं बटालियन परिसर में घुसे और वहां से आरक्षक अनिल अटोलिया के सरकारी क्वार्टर से सोने-चांदी की ज्वेलरी और करीब 80 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। चोरों ने इसके आसपास तीन अन्य सरकारी क्वार्टर के ताले भी तोड़े। हालांकि वहां से क्या चोरी गया इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी पुलिस को 14 अप्रैल की देर शाम लगी। इसके बाद से मामले की जांच पड़ताल जारी है। 15 अप्रैल की शाम को रतलाम एसपी अमित कुमार भी बटालियन में घटनास्थल पहुंचे और चोरी के पैटर्न की जानकारी ली। वहीं शहर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इधर मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से पता चला है कि इस वारदात के बाद 24वीं बटालियन के कमांडेंट गुरुकरण सिंह ने भी जावरा स्थित बटालियन कैंपस के साथ ही सोहनगढ़ और बंजली कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने का प्लान बनाया है। वैसे भी अक्टूबर 2022 में भी चोर घुसे थे और एक आरक्षक की पिस्तौल तथा जिंदा कारतूस ले गए थे। उसके पहले भी वहां एक दो चोरी हो चुकी है। ऐसे में सुरक्षा बेहद जरूरी है। यह बात बिल्कुल सही है कि हर समय पुलिस हर घर के बाहर तैनाती नहीं दे सकती और ना ही इतना बल होता है। ऐसे में चोर फायदा उठाकर वारदात करने में सफल हो जाते हैं। हालांकि पुलिस के हाथ लंबे हैं और आज नहीं तो कल चोर पकड़े भी जाएंगे। लेकिन इस प्रकार की वारदात से आम जनता में यह चर्चा शुरू हो जाती है कि जब पुलिसकर्मी के घर सुरक्षित नहीं है तो आम व्यक्ति का घर कैसे सुरक्षित होगा। इसलिए पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।