इंदौर के बदमाशों ने एक व्यक्ति को ढोढर से अपहरण करके 7 दिन बंधक रखा, रिंगनोद पुलिस ने छुड़ाया, तीन गिरफ्तार
रुपए लेन-देन के विवाद में राजस्थान के व्यक्ति का किया था अपहरण
रतलाम. रुपए लेन-देन संबंधी कथित विवाद के चलते राजस्थान के सांकरिया प्रतापगढ़ निवासी बालूराम मेघवाल (45) को इंदौर-देवास के पांच बदमाशों ने मिलकर ढोढर के पास फोरलेन से अपहरण कर लिया था। ये घटनाक्रम 11 सितंबर का है। आरोपियों ने इंदौर व आसपास क्षेत्र में 7 दिनों तक बालूराम को बंधक बनाए रखा। उसकी पत्नी निर्मलाबाई मेघवाल ने रिंगनोद थाने की ढोढर चौकी पुलिस में अपहरण की एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि फोरलेन से बाइक पर पति-पत्नी जा रहे थे। तभी कार से आए बदमाशों ने पति का अपहरण कर लिया और कहीं ले गए है।
एसपी अमित कुमार ने 18 सितंबर 2025 को इसी मामले का खुलासा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। अपहरण की एफआईआर के बाद एएसपी राकेश खाखा और एसडीओपी संदीप मालवीय के निर्देशन में रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। विभिन्न माध्यमों से तलाश करते हुए 17 सितंबर की रात में मानपुर के पास से अपहृत बालूराम मेघवाल को छुड़ाया और उसका अपहरण करने वाले आरोपी नरेंद्र उर्फ सरदार सिंह चौहान (33) निवासी कुंदन नगर इंदौर, युवराज उर्फ टिम्मा बिलरवान (18) निवासी यादव मोहल्ला मोती महल टॉकिज के पास महू इंदौर व अभिषेक चौहान (18) निवासी गांगलिया खेड़ी इंदौर को गिरफ्तार किया। इनके दो साथी राहुल गुप्ता निवासी इंदौर व सोनू उर्फ मुनीर निवासी देवास अभी फरार है। उनकी तलाश की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी में इस पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका