रतलाम सिटी में ड्रग तस्करी का नेटवर्क चला रहे सिंडिकेट का रिंगनोद पुलिस ने किया भंडाफोड़
जावरा आए एसपी अमित कुमार ने किया खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश, सभी रतलाम के निवासी
रतलाम. सेंव, सोना और साड़ी के लिए प्रसिद्ध रतलाम शहर में नशे का कारोबार भी फल-फूल रहा था लेकिन अब पुलिस ने नशे के कारोबार पर लगाम कसना शुरू कर दी है। ड्रग तस्कर युवाओं को नशे की जद में ले रहे थे लेकिन हाल ही में पुलिस ने तस्करों के इन मंसूबों पर पानी फेर दिया। रतलाम पुलिस की रिंगनोद थाना टीम ने रतलाम शहर में चल रहे ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर दिया है। अब तक रतलाम शहर के कुल 7 आरोपी पकड़े जा चुके है। जबकि दो अन्य फरार है, जिनकी तलाश में दबिशें जारी है।
20 जून 2026 को जावरा पहुंचे एसपी अमित कुमार ने जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के कार्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस में रतलाम शहर के ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने संबंधी मामले का खुलासा किया है। एसपी ने जानकारी दी कि रिंगनोद थाने की ढोढर पुलिस ने 12 मई 2026 को रतलाम के वकील कॉलोनी निवासी युनूस पिता सैयद हबीब को 55 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में पता चला कि उससे जुड़े ड्रग तस्करी के नेटवर्क में रतलाम के कई और लोग शामिल है। इसके बाद एसपी अमित कुमार ने एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी संदीप मालवीय के नेतृत्व में रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद और ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए ताकि युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाया जा सके। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आरोपी युनूस से पूछताछ के आधार पर रतलाम के ही अन्नूबाबा उर्फ आमीर, आसीम और सुधीर कल्याणे को भी गिरफ्तार किया। फिर इन्हें जेल भेजकर शनिवार को तीन और आरोपियों को पकड़ा जिनमें एक महिला आरोपी शामिल है। ये भी ड्रग् को एक-दूसरे तक पहुंचाते तथा उसे मार्केट में युवाओं को बेचते थे। अभी पुलिस ने शनिवार को पकड़े गए आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं किया है। अब उनसे पूछताछ के आधार पर जो फरार दो अन्य आरोपी है, उनकी तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि रतलाम पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत जावरा क्षेत्र में ही पहले चिकलाना ड्रग फैक्टरी, फिर बोरखेड़ा ड्रग फैक्टरी का भी भंडाफोड़ किया जा चुका है। अब रिंगनोद पुलिस भी लगातार डोडाचूरा तस्करी, अफीम, ड्रग व स्मैक तस्करी में लिप्त बदमाशों को पकड़ रही है। इस सफलतम कार्रवाई में पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, राहुल उपाध्याय, आरक्षक नरेंद्र सिंह जगावत, रविंद्र सिंह चौहान, शोभाराम शर्मा की भी महती भूमिका रही है।
