10वीं व 12वीं का रिजल्ट जारी : फेल होने वाले विद्यार्थी टेंशन ना ले, 7 मई से पहले फॉर्म भरकर दोबारा परीक्षा देने का मौका
रियावन की सरस्वती 10वीं में और कालूखेड़ा की नीलोफर 12वीं में प्रदेश की टॉप टेन में शामिल
मध्यप्रदेश/रतलाम. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार 15 अप्रैल 2026 को कक्षा 10वीं और 12वीं एमपी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री आवास से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रिजल्ट की घोषणा की। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार कक्षा 10वीं में 8,97,061 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से 73.42 प्रतिशत पास हुए। प्राइवेट सेक्टर में 26.38% रिजल्ट रहा। पन्ना जिले की प्रतिभा सोलंकी दसवीं में 499 नंबर लाकर प्रदेश में टॉप रहीं। वहीं रतलाम जिले से ग्राम रियावन हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सरस्वती पिता घनश्याम प्रदेश प्रदेश में 9वे स्थान पर रही है। उसने 491 अंक के साथ प्रदेश की टॉप 10 में स्थान बनाया है।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में प्रदेश भर में कुल 6 लाख 89 हजार 746 स्टूडेंट शामिल हुए थे। जिसमें से 76% पास हुए। प्राइवेट सेक्टर में 30.60% ने सफलता हासिल की। भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा 494 अंक लाकर प्रदेश में 12वीं में टॉप है। जबकि रतलाम जिले से कालूखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नीलोफ़र शेख ने 483 नंबर के साथ प्रदेश की टॉप 10 में स्थान बनाया। वह टॉप टेन में दसवें स्थान पर रहीं है।
खास बात यह है कि इस बार एमपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं में पूरक रिजल्ट जारी नहीं किया। इसलिए फ़ैल का आंकड़ा बढ़ गया है। 10वीं में कुल 2 लाख 89 हजार 693 छात्र और 12वीं में एक लाख 99 हजार 599 छात्र फेल हुए हैं। हालांकि फैल विद्यार्थी टेंशन नहीं लें क्योंकि अच्छी बात यह है कि उनको फेल सब्जेक्ट में तथा एक अन्य विषय जिसमें कम अंक है उसमें अंक सुधार के लिए दोबारा परीक्षा का मौका भी हाथों-हाथ मिल रहा है। 7 मई 2026 से पहले स्कूल में संपर्क करके परीक्षा का फॉर्म भरे और 7 मई से शुरू होने वाली दूसरी परीक्षा में भाग लेकर इसी साल वह पास हो सकते हैं। इससे उनका पूरा साल खराब नहीं होगा। सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बदलाव करते हुए सीबीएसई की तरह एमपी बोर्ड में भी दूसरी परीक्षा का मौका देते हुए पूरक का रिजल्ट जारी नहीं किया है। इसके अलावा कक्षा 12वीं के छात्र रुक जाना नहीं योजना के तहत भी अपना साल बचाकर परीक्षा दे सकते हैं।
इधर सीबीएसई ने भी 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल की शाम 4 बजे जारी कर दिया है। इसमें बेस्ट फाइव सब्जेक्ट के हिसाब से रिजल्ट बने है। इसमें भी जो बच्चे कम अंक लाए या फेल हुए है, वे 7 मई से पहले रजिस्ट्रेशन करके दोबारा परीक्षा देकर रिजल्ट सुधार सकते है या पास हो सकते है।
सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

कक्षा दसवीं के रिजल्ट के मुख्य बिंदु

कक्षा 12वीं के रिजल्ट के मुख्य बिंदु