नगर पालिका दफ्तर बंद करके कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, RD पर लगाए अभद्रता के आरोप, RD बोले ये राजनीतिक षड्यंत्र
एसडीएम व सीएमओ की समझाइश के बाद दशहरे तक सफाई कर्मियों की हड़ताल स्थगित
जावरा. दुर्गा पंडाल के आसपास सफाई व्यवस्था को लेकर दरोगा एवं एक महिला कर्मचारी के साथ हुई कथित अभद्रता से नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नाराज हो गए और बुधवार सुबह से ही हड़ताल पर रहे। दोपहर में इस मामले ने तुल पकड़ा और सभी कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। वहां नगर पालिका के सभी विभागों के कर्मचारियों से समर्थन मांगा तथा सभी दफ्तर बंद करके परिसर में प्रदर्शन किया। इसके पहले सफाई कर्मचारियों ने सुबह घंटाघर चौराहे पर भी इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किया था।
कर्मचारियों का कहना था कि किसी रोहित प्रजापत और पार्षद प्रतिनिधि राजेश धाकड़ (RD) द्वारा अभद्रता की गई। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। तभी हम हड़ताल खत्म करेंगे वरना नहीं।
चूंकि नवरात्र चल रहे हैं और पूरे शहर में कचरा नहीं उठा। इसलिए मामला हाई लेवल तक पहुंचा और एसडीएम सुनील जायसवाल भी नगर पालिका पहुंचे। उन्होंने और सीएमओ राहुल शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आप आवेदन दीजिए। हम पुलिस को जांच के लिए भेजेंगे और जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी वह करेंगे लेकिन अभी त्यौहार का समय है। ऐसे में सफाई व्यवस्था को सुचारू करना जरूरी है। आखिर में कर्मचारी संगठनों ने शहर की सफाई व्यवस्था और त्योहार को देखते हुए निर्णय लिया कि दशहरे तक उनकी हड़ताल स्थगित रहेगी। यदि दशहरा तक कार्रवाई नहीं होती तो फिर से हड़ताल पर उतर सकते हैं। इस निर्णय के बाद दोपहर बाद सफाई कर्मचारियों ने दुर्गा पंडालों के आसपास की सफाई कर दी और अब गुरुवार 25 सितंबर से कर्मचारी सफाई व्यवस्था को सुचारू कर देंगे।
इधर पार्षद प्रतिनिधि राजेश धाकड़ ने बयान जारी करते हुए बताया कि यह पूरा राजनीतिक षड्यंत्र है। जिस घटना का कर्मचारी उल्लेख कर रहे हैं वहां पर मैं मौजूद नहीं था और मेरी इस प्रकार की कोई अभद्र बातचीत कर्मचारियों से नहीं हुई है। मैंने कुछ समय पहले नगर पालिका के जिम्मेदारों के खिलाफ लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू में शिकायत की थी। उसी को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए इस प्रकार का माहौल मेरे खिलाफ बनवाया जा रहा है।