अब जावरा के जनहित से जुड़े मुद्दों पर कानूनी लड़ाई भी लड़ेगा संजीवनी फाउंडेशन
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यश जैन ने दी जानकारी ; स्वास्थ्य, सुरक्षा और नागरिक अधिकारों को लेकर फाउंडेशन के बड़े निर्णय
जावरा. समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना ही हमारा लक्ष्य है। इसके लिए किसी पद की लालसा नहीं। इसी संकल्प के साथ संजीवनी फाउंडेशन जावरा द्वारा लायंस क्लब जावरा के सहयोग से व्यापक जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की शुरुआत " सेवा आपके द्वार " माध्यम से की जा रही है। यह जानकारी फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पदाधिकारियों ने दी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संजीवनी फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं समाजसेवी यश जैन एडवोकेट ने देते हुए बताया कि आने वाले दिनों में जावरा शहर के प्रत्येक वार्ड तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेषज्ञ द्वारा जांच, परामर्श एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी गुणवत्तापूर्ण इलाज से वंचित न रह जाए।
यह है जनहित के दो प्रमुख मुद्दे
फाउंडेशन अन्य सेवा कार्य में भी सक्रियता दिखाएगा। जिसके तहत जावरा चौपाटी क्षेत्र स्थित ट्रैफिक सिग्नल को लेकर भी गंभीर चिंता है और खराब सिग्नल व्यवस्था के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, किंतु शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब संस्था ने इस गंभीर जनहित के विषय को लेकर हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर करने का निर्णय लिया है और संबंधित विभागों को पार्टी बनाकर जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर पालिका द्वारा नामांतरण प्रक्रिया में वसूले जा रहे 1 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क पर भी संजीवनी फाउंडेशन ने कड़ी आपत्ति जताई। संस्था का कहना है कि यह शुल्क आम नागरिकों पर अनुचित आर्थिक बोझ डालता है। इसके निराकरण के लिए भी फाउंडेशन द्वारा अलग से याचिका तैयार की जा चुकी है, जिसे शीघ्र ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यह भी कहा....
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जावरा शहर में ब्लड बैंक की अत्यंत आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि अभी आसपास के शहरों पर निर्भरता के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में समय की बर्बादी होती है। इसी को देखते हुए फाउंडेशन स्थानीय स्तर पर ब्लड बैंक की स्थापना के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद कर रहा है।
संस्था द्वारा देहदान नेत्रदान रक्तदान को लेकर भी कार्य लगातार किया गया है जिसमें अभी तक 20 लोगों ने देहदान संकल्प फॉर्म नियमों अनुसार भरकर मेडिकल कॉलेज रतलाम को प्रेषित किए जा चुके है। साथ ही कई रक्तदान शिवर ओर नेत्रदान कार्य भी संपन्न कराया गया है।
फाउंडेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि संस्था केवल समाज सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और प्रशासनिक सुधार के लिए भी पूरी मजबूती से कार्य करेगी।
संस्था सचिव राजेश जैन ने बताया कि संजीवनी फाउंडेशन ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को संस्था तक पहुँचाएं, ओर साथ ही समाज की सेवाभावी संस्था जो जनहितैषी कार्य कर रही है उनका भी सहयोग लेकर उनके साथ कार्य किया जाएगा ताकि उचित मंच पर उठाकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।