बिग ब्रेकिंग : रतलाम जिला अल-नीनो प्रभावित घोषित, सूखे की आशंका, फसल बीमा करवाएं किसान
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है।
रतलाम. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के सहयोग से देश के 315 संवेदनशील जिलों की पहचान की है। ये वो जिले हैं जहाँ अल-नीनो के कारण कमजोर मानसून या कम बारिश (Rainfall Deficit) का खतरा सबसे अधिक है। बड़ी बात ये है कि रतलाम जिले को भी इसी तरह अल नीनो प्रभावित जिला घोषित किया गया है और ये किसानों के लिए बड़ी चिंता का विषय हो सकता है। इसलिए किसान फसल बीमा जरूर करवाएं।
इसीलिए 15 जुलाई 2026 किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा रतलाम जिले को अलनीनो से प्रभावित जिलों में घोषित किया गया है। इसलिए अलनीनो के कारण रतलाम जिले में अल्प वर्षा व सूखा की स्थिति बनने की संभावना बनी हुई है, जिससे खरीफ फसलो की नुकसान होने की संभावना है।
ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 1 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक खरीफ फसलो का बीमा किया जा रहा है। किसान इसका लाभ जरूर उठाएं। फसल बीमा कराने के लिये आवेदन, आधारकार्ड, बैंक पासबुक एवं भूमि संबंधी पावती की छायाप्रति, बुवाई प्रमाण-पत्र, मोबाईल नंबर, फार्मर आईडी दस्तावेज होना आवश्यक है।
खरीफ की अधिसूचित फसलों के लिए कृषक प्रीमियम प्रति हेक्टेयर सोयाबीन के लिए 1040 रुपये, मक्का के लिए 800 रुपये तथा कपास के लिए 3150 रुपये निर्धारित किया गया है।
अलनीनो के कारण रतलाम जिले मे वृहद स्तर पर फसलो की क्षति की संभावना को देखते हुयें जिले के कृषको को सलाह दी जा रही है कि समस्त अधिसूचित फसलो के समस्त रकबे का बीमा करायें। जिससे सूखा या अल्प वर्षा एवं अन्य किसी प्राकृतिक आपदा के कारण फसलो की क्षति होने की दशा में कृषको को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल बीमा दावा राशि का लाभ प्राप्त हो सकें। किसान भाईयो से आग्रह है कि फसलो का शत प्रतिशत फसल बीमा कराना सुनिश्चित करें।
किसान राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल, कियोस्क सेंटर, एमपी ऑनलाइन या जहां आपका केसीसी ऋण ले रखा उन बैंक शाखा में संपर्क करके बीमा करवा सकते है।