जयपुर-बान्द्रा स्पेशल ट्रेन की सौगात मिली लेकिन जावरा में नहीं है स्टॉपेज
सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधि चाहे तो मिल सकता है स्टॉपेज, प्रयासों की कमी
रतलाम. त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुविधा देने के उद्देश्य से और ट्रेनों में बढ़ती हुई भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त यात्रियों को समायोजित करने के लिए पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से होकर जयपुर से बान्द्रा टर्मिनस के मध्य स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। यह गाड़ी संख्या 09729 और 09730 जयपुर बान्द्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा चलेगी। रेलवे की तरफ से यात्रियों के लिए यह बड़ी सौगात है लेकिन विडंबना है कि इस ट्रेन का स्टॉपेज जावरा के रेलवे स्टेशन पर नहीं है। जबकि यहां से बड़ी तादाद में यात्री राजस्थान और बांद्रा तरफ की यात्रा करते हैं। सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। यदि वह प्रयास करें तो जावरा में इस ट्रेन को स्टॉपेज मिल सकता है।
यह गाड़ी संख्या 09729 जयुपर-बान्द्रा टर्मिनस स्पेशल, जयपुर से 04 नवम्बर 2025 मंगलवार को 08.10 बजे चलेगी तथा अगले दिन 04.55 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुँचेगी। इस ट्रेन का आगमन/प्रस्थान मंडल के इन स्टेशन
चित्तौड़गढ़ (14.00/14.05, मंगलवार),
नीमच (14.49/14.51),
मंदसौर (15.29/15.31) एवं
रतलाम पर (17.30/17.40) बजे होगा।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 09730 बान्द्रा टर्मिनस जयपुर स्पेशल, बान्द्रा टर्मिनस से 05 नवम्बर 2025 बुधवार को 09.30 बजे चलेगी। अगले दिन 06.45 बजे जयपुर पहुँचेगी। इस ट्रेन का रतलाम मंडल के
रतलाम (20.10/20.20 बुधवार),
मंदसौर (21.33/21.35),
नीमच (22.25/22.27) एवं
चित्तौड़गढ़ स्टेशन पर (00.05/00.10, गुरुवार) बजे आगमन/प्रस्थान होगा।
इन स्टेशनों पर है स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, मांडल, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी, पालघर एवं बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन एलएचबी रेक से चलेगी जिसमें सेकंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे।
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना ने बताया कि यात्रीगण ट्रेन संचालन से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए भारतीय रेल की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जा सकते हैं। वहीं यात्री रेल मदद ऐप अथवा 139 रेल मदद नंबर का उपयोग भी कर सकते हैं।
विज्ञापन

