सिटी फोरलेन या खाचरोद नाका मंडी रोड का नामकरण पूर्व गृहमंत्री कुंवर भारत सिंह के नाम से करने की मांग उठी
पार्षद निजाम काजी सहित अन्य कांग्रेस पार्षदों ने सीएमओ को परिषद में प्रस्ताव रखने का दिया आवेदन
जावरा. पूर्व गृहमंत्री रहे स्वर्गीय कुंवर भारत सिंह के नाम से नगर की दो प्रमुख सड़कों का नामकरण करने की मांग शुरू हुई है। इसे लेकर सबसे पहले पार्षद निजाम काजी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद कन्हैयालाल हाडा, पार्षद प्रतिनिधि पप्पू चारोडिया ने नगर पालिका सीएमओ राहुल शर्मा को एक आवेदन दिया है। इसमें भीमाखेड़ी फाटक से सीएमओ निवास तक बन रहे शहर के पहले सिटी फोरलेन अथवा रतलामी गेट से खाचरोद नाका तक बन रहे सीमेंट कांक्रीट रोड का नामकरण पूर्व गृहमंत्री स्वर्गीय कुंवर भारत सिंह के नाम से करने की मांग की गई है। पार्षद काजी ने सीएमओ को बताया कि पूर्व गृहमंत्री रहते हुए कुंवर भारत सिंह जी ने क्षेत्र में कई विकास कार्य करवाए। उद्योगों को बढ़ावा दिया। कई पुलिस थाने और चौकिया खुलवाई। खेलों के क्षेत्र में उनका सराहनीय योगदान रहा है। इन सब के मद्देनजर उनके नाम पर सड़कों का नाम किया जाना चाहिए। यही उनके प्रति कांग्रेस परिषद की सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी। इसलिए अभी जो परिषद सम्मेलन होने वाला है उसमें यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।