जावरा से खरीदी मिठाई खाने से बच्चे की मौत का आरोप, पूरा प्रशासन जांच में जुटा, सैंपलिंग शुरू

ग्राम बिनोली का है प्रभावित परिवार, बच्चे के माता-पिता भी मंदसौर में भर्ती बताए जा रहे है

जावरा से खरीदी मिठाई खाने से बच्चे की मौत का आरोप, पूरा प्रशासन जांच में जुटा, सैंपलिंग शुरू

रतलाम. जिले के जावरा शहर में किसी दुकान से खरीदी हुई मिठाई खाने से ग्राम बिनोली निवासी एक परिवार की तबीयत बिगड़ी और उसमें से तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। जबकि माता-पिता बीमार होकर मंदसौर किसी अस्पताल में भर्ती है। इसी शिकायत और फूड पाइजनिंग के कथित मामले से हड़कंप मच गया है। करणीसेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर खाद्य विभाग की कार्रवाई पर सवालिया निशान उठाए है। वहीं उक्त शिकायत और आरोप के बाद से पुलिस, राजस्व और खाद्य विभाग की टीम जावरा में जहां से मिठाई खरीदी थी, वहां पहुंच चुके है। जावरा में कमानीगेट पुरानी धानमंडी क्षेत्र में प्रशासन सैंपलिंग के साथ ही संबंधित दुकानदार से पूछताछ भी कर रहा है। मामला अभी जांच में है और मौके पर भीड़ जुट गई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक मासूम का नाम आर्यन बताया जा रहा है और जावरा में जिस दुकान से मिठाई खरीदी थी उस दुकान का नाम देवश्री नमकीन सामने आया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने वहां पहुंचकर मिठाई और नमकीन का जांच सैंपल लिया है। वही रिंगनोद पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने जानकारी दी कि बच्चे की मौत मामले में मर्ग कायम करके जांच शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग से ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर शंकर लाल खराड़ी भी जांच करने पहुंचे थे।

 जीवन सिंह शेरपुर ने उक्त पोस्ट साझा कर जिम्मेदारों पर सवाल उठाए है...