जावरा में कॉलोनी की दीवार पर चला बुलडोजर, रास्ते पर कर रखा था कब्जा
सेजावता के किसानों ने की थी शिकायत, मौके पर एक अन्य व्यक्ति ने हटाने नहीं दिया
रतलाम. जिले के जावरा में प्रशासन ने एक कॉलोनी की पक्की दीवार पर बुलडोजर चला दिया। सेजावता में कॉलोनाइजर ने खेतों तक जाने के रास्ते पर कब्जा कर लिया था। दोनों तरफ दीवार बना दी थी। इससे रास्ता रुक गया और किसान परेशान हो रहे थे।
शुरूआत में कॉलोनाइजर कहते रहे कि निजी भूमि है। वहां रास्ता नहीं है लेकिन प्रशासन की जांच में वहां पर कुछ भूमि रास्ते की निकली। इसलिए 29 अक्टूबर 2026 काे तहसीलदार के आदेश पर राजस्व निरीक्षक और पटवारी की टीम ने वहां पहुंचकर बुलडोजर चलाकर दीवार तोड़ दी और रास्ता खुलवाया। हालांकि प्रभावित किसानों का कहना है रास्ता पूरी तरह चालू नहीं हुआ है। कॉलोनी के पीछे एक अन्य व्यक्ति ने पक्का अतिक्रमण कर रखा है, इसलिए रास्ता रुका हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि एक-दो दिन में वह अतिक्रमण भी हटाकर रास्ता पूरी तरह चालू करवाया जाएगा। इसके पहले रिंगनोद में भी ऐसे ही कॉलोनी तक जाने का रास्ता कुछ लोगों ने बंद कर दिया था। जिसकी लोगों ने कलेक्टर से शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर कुछ दिन पहले वहां भी रास्ते से अतिक्रमण हटाकर उस रास्ते को चालू किया गया था। 15 दिन में ये दूसरी बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई का वीडियो देखने के लिए हमारे यू-ट्यूब व इंस्टाग्राम चैनल @khabarpadho_in पर जाएं।