आलोट के पास राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगी, एक कोच जला, रेलवे टीम मौके पर

इस रूट की कई ट्रेनें प्रभावित, फायर ब्रिगेड मौके पर

आलोट के पास राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगी, एक कोच जला, रेलवे टीम मौके पर

रतलाम. अभी-अभी मिली सूचना के अनुसार मुंबई से दिल्ली की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच में 17 मई 2026 की सुबह आग लग गई। यह घटनाक्रम आलोट से 5 किलोमीटर दूर ग्राम जहानाबाद के पास बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम और आसपास सभी क्षेत्रों की फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचाया गया। आग से एक एसी कोच जलने की सूचना है। राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं और आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन इस बड़े हादसे के बाद रेलवे से लेकर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। और तमाम पुलिस, राजस्व और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। आग लगने का कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। रेलवे की एक्सपर्ट टीम इसकी जांच में जुटी है। हादसा सुबह 5:15 बजे हुआ। सूचना मिलने के बाद कोटा रेल मंडल से एडीआरएम सहित टीम पहुंची। सुबह 9:45 बजे ट्रेन को कोटा के लिए रवाना किया और जो कोच जला था उसे ट्रैक से हटाने की कार्रवाई चल रही है। कोटा डीआरएम अनिल कालरा एवं वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि आग लगते ही ट्रेन की स्वचालित अग्नि संसूचन एवं दमन प्रणाली सक्रिय होते ही गाड़ी स्वतः रुक गई। गाड़ी प्रबंधक  उपेन्द्र कुमार ने तत्काल स्थिति का आकलन कर सभी यात्रियों को शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित रूप से कोच से बाहर निकाला और नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचित किया। लोको पायलट दल, टिकट चेकिंग स्टाफ एवं आरपीएफ स्टाफ की सतर्कता से प्रभावित कोच को अविलंब गाड़ी से अलग किया गया, जिससे आग का प्रसार समय रहते रोका जा सका। दाेपहर 12 बजे तक दोनों ट्रैक को फिर से चालू कर दिया गया।

ट्रेन के कोच में आग बुझाने का प्रयास करते रेलवे कर्मी और ग्रामीण

विज्ञापन