ईओडब्ल्यू की टीम जावरा नगरपालिका पहुंची, अनियमितताओं की शिकायत पर शुरू की जांच
जावरा नगरपालिका में सीएमओ ऑफिस के बाहर सीएमओ के आने का इंतजार करते ईओडब्ल्यू अधिकारी।
रतलाम. जावरा नगरपालिका परिषद के कार्यों पर अब ईओडब्ल्यू की नजर पड़ गई है। वर्ष 2023 से लेकर अब तक जो निर्माण कार्य हुए, जो सामग्री खरीदी गई और जो नामांतरण हुए उनमें कथित अनियमितता की शिकायत भाजपा नेता राजेश धाकड़ ने ईओडब्ल्यू से की थी। उज्जैन आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने नगरपालिका अधिकारियों को कई बार पत्र भेजकर संबंधित दस्तावेज मांगे लेकिन नपा ने कई जरूरी दस्तावेज व फाइलें जांच के लिए उज्जैन नहीं भेजी। इसलिए 19 मई 2026 को ईओडब्ल्यू के निरीक्षक रामजी यादव व टीम जावरा नगरपालिका ही आ गई है। टीम ने कुछ विभागों से जानकारी जुटाई और अब सीएमओ कक्ष के बाहर बैठकर सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस के आने का इंतजार हो रहा है। बताया जा रहा है कि सीएमओ सोनिस जनसुनवाई में एसडीएम ऑफिस गए है। इसलिए कार्यालय में नहीं मिले तो उनका इंतजार हो रहा है। उनके आने के बाद ईओडब्ल्यू के अधिकारी जरूरी दस्तावेज लेंगे और फिर जांच के लिए ले जाएंगे। उनमें यदि अनियमितता पाई जाती है तो फिर संबंधित जिम्मेदारों पर प्रकरण भी दर्ज हो सकता है। फिलहाल नपा के गलियारों में ईओडब्ल्यू के आने से हड़कंप मचा हुआ है।