रतलाम जिले के 2.83 लाख किसानों को मिलेगा 213 करोड़ रुपए मुआवजा, सिंगल क्लिक से 15 हजार किसानों को 14.24 करोड़ दिए

जावरा विधानसभा क्षेत्र में भी 9340 किसान भाइयों के खाते में 9 करोड़ 43 लाख 90 हजार की राशि अंतरित की

रतलाम जिले के 2.83 लाख किसानों को मिलेगा 213 करोड़ रुपए मुआवजा,  सिंगल क्लिक से 15 हजार किसानों को 14.24 करोड़ दिए

मुख्यमंत्री जी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संवाद करते विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय व अन्य अधिकारी।

रतलाम. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित सीएम निवास से 3 अक्टूबर 2025 को प्रदेश के विभिन्न 13 जिलों में अतिवृष्टि और पीला मोजेक बीमारी से प्रभावित फसलों की क्षतिपूर्ति के रूप में किसानों को राहत राशि जारी की। 8 लाख 84 हजार 772 किसानों को करीब 653.34 करोड़ रुपए की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधि, अधिकारियों और किसानों से बात भी की। मुख्यमंत्री ने कॉन्फ्रेंस में बताया कि जो राशि अंतरित की गई उसमें अतिवृष्टि/बाढ़ से फसल क्षति के लिए 3 लाख 90 हजार 167 किसानों को 331.34 करोड़ रुपए मिलेंगे। जबकि पीला मोजेक/कीट व्याधि से हुई फसल क्षति के लिए प्रभावित 4 लाख 94 हजार 605 किसानों को 322 करोड़ रुपये की राहत राशि शामिल है।

              रतलाम जिले में भी करीब 2 लाख 83 हजार 478 प्रभावित किसानों के लिए 213 करोड़ रुपए स्वीकृत किए है। बजट भी आवंटित हो गया है। इसमें से 3 अक्टूबर को ही सिंगल क्लिक से 15065 कृषकों को 14 करोड़ 24 लाख 22 हजार 10 रुपए की राशि खातों में पहुंचा दी गई है। जावरा विधानसभा क्षेत्र में 97 हजार 510 किसानों को 80 करोड़ 56 लाख रु की राशि स्वीकृत हुई। जिसमें से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रारम्भिक रूप से सिंगल क्लिक से 9 करोड़ 43 लाख रु की राशि अंतरित की। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 251 ग्रामों में 1 लाख 118 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलें खराब हुई है। अभी प्रारम्भिक रूप से 9340 किसान भाइयों के खाते में 9 करोड़ 43 लाख 90 हजार की राशि अंतरित की गई। बाकी को भी सप्ताहभर में मिल जाएगी।

मुख्यमंत्री बोले : किसानों के चेहरों की मुस्कान ही हमारी असली दीपावली               

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा किसानों की सेवा ही भगवान की सेवा है। बाढ़ हो, आपदा हो, ओलावृष्टि हो या कीट प्रकोप हो, किसान भाई हर विपदा से लड़ते और जूझते हैं। किसान पर कोई भी विपदा या आपदा आए सरकार संकट की हर घड़ी में साथी बनकर किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से कहा कि आप अकेले नहीं हैं, पूरा परिवार बनकर हम आपके साथ हैं। आपकी खुशी में ही प्रदेश की खुशी है। उन्होंने कहा कि हर प्रकार की आपदा और कीट प्रकोप से फसलों को हुई क्षति की राहत राशि किसानों को दी जाएगी। ये राहत राशि किसानों को बड़ा संबल देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब तक आखिरी पीड़ित किसान को सहायता राशि नहीं मिल जाती, हमारी सरकार चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के चेहरों की मुस्कान ही हमारी असली दीपावली जैसी है। किसानों की मेहनत और जज्‍बा फिर से उनके खेतों को जीवन और समृद्धि से भर देगा।

विधायक ने कहा : सरकार ने दीपावली से पहले मनवा दी किसानों की दीपावली

विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने राहत राशि वितरण को लेकर कॉन्फ्रेंस में कहा कि किसानों को दीपावली के पहले ही प्रदेश सरकार ने दीपावली मनवाई है। जिसके लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते है। अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति के साथ ही पहली बार पीला मोजेक की बीमारी को क्षतिपूर्ति में शामिल किया गया, जो निश्चित ही सराहनीय है। कार्यक्रम में रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चंद्रवंशी और कृषक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।