अंधविश्वास में रिश्तों का खून : देवरानी को डायन मानकर जेठानी व उसके दो बेटों ने कर दी थी हत्या, तीनों गिरफ्तार
रतलाम जिले में रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम भीमपुरा का मामला, सूचना के 24 घंटों में ही पुलिस ने किया पर्दाफाश
रतलाम. रतलाम जिले में रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम भीमपुरा में 24 सितंबर को एक महिला की हत्या हो गई थी। पुलिस जांच में पता चला कि जेठानी और उसके दो बेटों ने ही मिलकर देवरानी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और शव छत से नीचे फेंक दिया था। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि ये हत्या अंधविश्वास के चलते हुई है। आरोपी जेठानी और उसके बेटों ने देवरानी को डायन (डाकन) मानकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
एसपी अमित कुमार ने 27 सितंबर 2025 की दोपहर रतलाम पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया के समक्ष इस हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने जानकारी दी कि 24 सितंबर 2025 को ग्राम भीमपुरा में नानीबाई उर्फ नर्मदाबाई पति कैलाश भूरिया (48) की हत्या की जानकारी सामने आई थी। मामले में बीएनएस की धारा 103 (1), 3 (5) में प्रकरण दर्ज किया और एएसपी राकेश खाखा एवं सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में टीम गठित करके जांच शुरू करवाई।
पुलिस अधिकारियों के साथ ही एफएसएल प्रभारी अतुल मित्तल, सायबर टीम, डॉग स्क्वाड सहित विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किए। विभिन्न तरह के सुराग जुटाए और संदिग्धों के साथ ही परिजन व अन्य लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों भी देखे गए। इन सभी के आधार पर यह तथ्य सामने आए कि मृतिका नानीबाई की जेठानी आरोपी धन्नाबाई पति बद्री भूरिया एवं उसके पुत्र शंकर भूरिया व बापू भूरिया ने अंधविश्वास के चलते नानीबाई को डाकन (डायन) मानकर षड्यंत्रपूर्वक उसकी हत्या कर दी। जेठानी धन्नाबाई व उसके दोनों बेटों ने 24 सितंबर की रात में मृतिका को घर में अकेला पाकर कुल्हाड़ी एवं लोहे के पाइप से वार कर हत्या कर दी तथा शव को छत से नीचे फेंक दिया। इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूछताछ की। इसमें सामने आया कि परिवार में लगातार बीमारियों से कुछ सदस्यों की मौतें हुई है। इसके लिए उन्होंने मृतिका को जिम्मेदार मान लिया और तंत्र-मंत्र की भ्रांत धारणाओं के चलते जेठानी व उसके दोनों बेटों ने मिलकर देवरानी की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं लोहे का पाइप, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए है।
गिरफ्तार आरोपी :-
1. शंकर पिता बद्री भूरिया, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा
2. बापु पिता बद्री भूरिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा
3. धन्नाबाई पति बद्री भूरिया, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम भीमपुरा
आरोपियों की गिरफ्तारी में इस पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलाेई, निरीक्षक अमित कोरी, निरीक्षक अर्जुन सेमलिया( थाना प्रभारी सरवन), उनि. एम.आई. खान, उनि. पी.एस. हटिला, उनि. निशा चौबे, सउनि. गणेश शर्मा, प्र.आर. बद्रीलाल चौधरी, प्र.आर. देवेन्द्र गामड, प्र.आर. आतीश धानक, आर. राहुल मेडा, आर. महेश मैडा, आर. अवधेश परमार, आर. राहुल चौहान, आर. निलेश कटारा, आर. सुरेन्द्र राठौर, आर. बहादुर डांगी, सायबर सेल से प्र आर मनमोहन शर्मा, प्र आर लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आर विपुल भावसार, मयंक व्यास, तुषार सिसोदिया एवं एफएसएल टीम की इन आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड के खुलासे में सराहनीय भूमिका रही है।