ये क्या... कम पेट्रोल भरने की शिकायत की तो पुलिसकर्मी और उनके बेटे को ही पीट दिया

भाजपा के पूर्व पदाधिकारी और उनके पेट्रोल पंप कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज

ये क्या... कम पेट्रोल भरने की शिकायत की तो पुलिसकर्मी और उनके बेटे को ही पीट दिया

रतलाम. जिले के ढोढर में स्थित पेट्रोल पंप पर कम पेट्रोल भरने संबंधी शिकायत करने पर पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारियों ने मिलकर एक पुलिसकर्मी और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी।

          फरियादी पुलिसकर्मी एएसआई मनीष शर्मा कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में पदस्थ है। वह अपने बेटे आदित्य के साथ रविवार शाम ढोढर से निकल रहे थे। तभी वहां एक पंप पर गाड़ी में पेट्रोल भरवाया लेकिन उन्हें लगा कि पेट्रोल जितने रुपए दिए उतने का नहीं भराया है। तो वे शिकायत करने पहुंचे। इस दौरान विवाद हुआ और पम्प संचालक सहित चार लोगों ने मिलकर पुलिसकर्मी मनीष शर्मा और उसके बेटे आदित्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मामले में ढोढर चौकी पुलिस ने भाजपा के पूर्व पदाधिकारी विवेक पोरवाल और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पुलिसकर्मी छुट्टी पर थे और बेटे के साथ ढोढर होकर निकल रहे थे। पुलिस ने मारपीट मामले में पंप के तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

            इधर पंप संचालक के पक्ष में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है कि पुलिस ने एक तरफा केस दर्ज किया है। जिस पुलिसकर्मी से विवाद हुआ था, उन्होंने और उनके बेटे ने काफी समय बाद वापस लौटकर पंप से पर्ची निकालने की बात को लेकर गाली गलौज की। इसलिए विवाद हुआ। जबकि पंप मालिक पोरवाल ने समझाया कि एक बार पेट्रोल भरने के बाद यदि बीच में किसी और ने भरवा लिया तो फिर आखरी वाली पर्ची निकलती है। इसी को लेकर विवाद बड़ा और फिर इसमें हाथापाई हो गई। वायरल पोस्ट में पोरवाल के खिलाफ दर्ज केस को राजनीतिक द्वेषता भी बताया जा रहा है। अब सच क्या है यह तो जांच का ही विषय है।